कोंडागांव में मंत्री केदार कश्यप के काफिले का भीषण सड़क हादसा
स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की गाड़ी को मारी टक्कर, फिर फॉलो वाहन से भिड़ी; 4 पुलिस जवान और ड्राइवर घायल
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ रविवार को कोंडागांव में बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार NH-30 पर घोड़ागांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री के वाहन को साइड से टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो काफिले में चल रहे फॉलो वाहन से जा भिड़ी।
हादसे में 5 लोग घायल
टक्कर के बाद फॉलो वाहन में सवार 4 पुलिस जवान और ड्राइवर घायल हो गए। घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ रिपोर्टों में घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई है।
मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित
हादसे में मंत्री केदार कश्यप को गंभीर चोट नहीं आने की जानकारी है। हादसे के बाद वे जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों एवं ड्राइवर के उपचार की जानकारी ली।
NH-30 पर हुआ हादसा
दुर्घटना कोंडागांव के सिटी कोतवाली क्षेत्र में NH-30 पर घोड़ागांव के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




