HomeBlogसमरी चालान और प्रतिबंधात्मक प्रकरणों में पुलिस के अनावश्यक हस्तक्षेप पर रोक...

समरी चालान और प्रतिबंधात्मक प्रकरणों में पुलिस के अनावश्यक हस्तक्षेप पर रोक लगाने की मांग, जिला अधिवक्ता संघ ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

समरी चालान और प्रतिबंधात्मक प्रकरणों में पुलिस के अनावश्यक हस्तक्षेप पर रोक लगाने की मांग, जिला अधिवक्ता संघ ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

पक्षकारों को अधिवक्ता नियुक्त नहीं करने की सलाह देने और चुनिंदा वकीलों के नाम सुझाने पर जताई आपत्ति, पुलिसकर्मियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करने की मांग

रायगढ़। जिला न्यायालय रायगढ़ एवं एसडीएम तथा तहसीलदार न्यायालयों में प्रस्तुत होने वाले समरी चालान और प्रतिबंधात्मक प्रकरणों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पक्षकारों को कथित रूप से भ्रमित करने और अधिवक्ता व्यवसाय में अनावश्यक हस्तक्षेप किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ ने गंभीर आपत्ति जताते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय को ज्ञापन सौंपकर इस प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि जिला न्यायालय में प्रस्तुत होने वाले छोटे आपराधिक मामलों एवं समरी चालान में कुछ पुलिस अधिकारी, चालान मुंशी एवं कर्मचारी पक्षकारों से संपर्क कर उन्हें यह कहते हैं कि न्यायालय में अधिवक्ता नियुक्त करने की आवश्यकता नहीं है। वे स्वयं ही न्यायालय में अपराध स्वीकार करवाकर कम अर्थदंड में प्रकरण समाप्त करवा देंगे।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मामलों में पुलिसकर्मियों द्वारा पक्षकारों को किसी विशेष या चुनिंदा अधिवक्ता के पास जाने की सलाह दी जाती है, जिससे पक्षकारों को अपनी पसंद का विधिक प्रतिनिधि चुनने की स्वतंत्रता प्रभावित होती है। अधिवक्ता संघ ने इसे अधिवक्ता व्यवसाय की गरिमा एवं पक्षकारों के स्वतंत्र विधिक प्रतिनिधित्व के अधिकार के विपरीत बताया है।

ज्ञापन में एसडीएम एवं तहसीलदार न्यायालयों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126, 135 एवं 170 तथा पूर्व में प्रचलित दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 107, 116 एवं 151 के तहत प्रस्तुत होने वाले प्रतिबंधात्मक प्रकरणों का भी उल्लेख किया गया है। संघ का कहना है कि इन मामलों में भी कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा पक्षकारों को विधिक सलाह लेने से हतोत्साहित करने तथा जमानत एवं प्रकरणों के निपटारे के नाम पर अनुचित मध्यस्थता किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।
जिला अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग का दायित्व निष्पक्ष जांच कर न्यायालय के समक्ष तथ्य प्रस्तुत करना है, न कि पक्षकारों के विधिक सलाहकार अथवा मध्यस्थ की भूमिका निभाना। इस प्रकार की गतिविधियों से न्यायिक प्रक्रिया की निष्पक्षता और न्यायालय की गरिमा प्रभावित होने की आशंका है।
अधिवक्ता संघ की प्रमुख मांगें
संघ ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जिले के सभी थाना प्रभारियों, चालान मुंशियों एवं न्यायालयीन ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं कि वे किसी भी पक्षकार को अधिवक्ता नियुक्त न करने की सलाह न दें और न ही किसी विशेष अधिवक्ता का नाम सुझाएं। इसके अलावा चालान अथवा इस्तगासा न्यायालय में प्रस्तुत होने के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा पक्षकारों को स्वयं अपराध स्वीकार कराने या प्रकरणों के निपटारे में मध्यस्थता करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए।

संघ ने यह भी मांग की है कि भविष्य में इस प्रकार के आचरण की शिकायत मिलने पर संबंधित पुलिस अधिकारी अथवा कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अधिवक्ता संघ ने आशा व्यक्त की कि पुलिस प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा, जिससे न्यायपालिका की गरिमा, विधिक प्रक्रिया की निष्पक्षता तथा बार और बेंच के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध कायम रह सकें।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, सचिव जय मालाकर, सह सचिव भावेश स्वर्णकार, ग्रंथपाल सचिव कौशल राजपूत, क्रीड़ा सचिव गोपी राम यादव सहित दीपा निराला, प्रीति महंत, काजल पैंकरा एवं प्रवीण साहू उपस्थित रहे।

जिला अधिवक्ता संघ, रायगढ़।

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical

विवादित जमीन पर बीएस स्पंज का निर्माण, नायब तहसीलदार ने लगाया रोक

विवादित जमीन पर बीएस स्पंज का निर्माण, नायब तहसीलदार ने लगाया रोकचारमार गांव में खसरा नंबर 86 की भूमि को लेकर विवाद, न्यायालय में...