एक दिन झाडू लगा कर बदलने चले थे केवड़ाबाड़ी की तस्वीर, आज भी गंदगी का आलम
प्रतिक्षालय में फैली गंदगी, पान-गुटखे के पिक से यात्री हो रहे परेशान
रायगढ़। बीते दिनों नगर निगम की टीम द्वारा केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में झाडू लगा कर स्वच्छता अभियान चलाते हुए खूब वाहवाही बटोरी गई। वहीं इसके दो दिन बाद वहां फिर से गंदगी का आलम नजर आया। वहीं जगह-जगह पान-गुटखे के पिक से यात्री भी नाक-मुंह सिकोड़ते हुए परेशान नजर आए। इससे साफ जाहिर होता है कि यह सफाई अभियान महज एक खानापूर्ति थी, वहीं शपथ लेने वाले स्थानीय दुकानदार भी सिर्फ दिखावा कर रहे थे।
दरअसल शहर के प्रमुख और सबसे बड़े केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में अव्यवस्था का आलम है। यहां बस स्टैंड परिसर से प्रतिक्षालय तक पसरी गंदगी से यात्रियों का जीना मुहाल हो गया है। इसी को देखते हुए शनिवार की सुबह निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान बस स्टैंड के बाहर और अंदर में झाड़ू लगाने के साथ कचरा भी एकत्रित किया गया। साथ ही परिसर का चक्कर लगाते हुए सभी व्यवसायियों को डस्टबीन के उपयोग करने की सलाह दी गई। वहीं डस्टबीन नहीं रखने व कचरा फैलाने पर जुर्माना लगाने की भी बात कही गई। अभियान के तहत निगम के अधिकारी-कर्मचारी एक दिन केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड की सफाई कर वाहवाही बटोर लिए और दोबारा यहां की सुध नहीं ली। इसी क्रम में सोमवार को जब बस स्टैंड का निरीक्षण किया गया तो स्थिति जस की तस थी। प्रतिक्षालय के भीतर, बस स्टैंड परिसर में कचरे फैले हुए थे। वहीं गेट के किनारे पान-गुटखे के पिक यहां की शोभा बिगाड़ रहे थे। इतना ही नहीं व्यवसायियों के पास कोई डस्टबीन भी नजर नहीं आया और होटल-ठेलों के कचरे वहीं नाली में पड़े नजर आए। ऐसे में यह अभियान महज खानापूर्ति तक ही सिमट कर रह गया।





