वार्ड-4 में विकास कार्यों की रफ्तार पर सवाल, खुली नालियां बन रहीं हादसों की वजह
करोड़ों खर्च कर जालियां लगाने के बावजूद नालियों पर नहीं लगे ढक्कन, पुलिया निर्माण अब तक अधूरा; नाले में कचरे का ढेर खोल रहा सफाई व्यवस्था की पोल
रायगढ़/ शहर के वार्डों में विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगर निगम भले ही लगातार काम करने के दावे कर रहा हो, लेकिन जमीनी स्थिति इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। वार्ड क्रमांक 4 में अधूरे निर्माण कार्य, खुली नालियां और सफाई व्यवस्था की बदहाली स्थानीय व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही हैं। यहां एक ओर पुलिया निर्माण का काम अब तक शुरू नहीं हो सका है, वहीं दूसरी ओर पुरानी पुलिया और उससे लगे नाले में जमा कचरा सफाई व्यवस्था की स्थिति उजागर कर रहा है। सबसे गंभीर स्थिति वार्ड की खुली नालियों की है, जहां सुरक्षा के लिहाज से ढक्कन तक नहीं लगाए गए हैं। नतीजतन राहगीरों और स्थानीय लोगों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
वार्ड क्रमांक 4 में नालियों की स्थिति देखने से स्पष्ट होता है कि निर्माण के साथ-साथ उनके रखरखाव और सुरक्षा पर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है। वार्ड में नालियों के निर्माण कार्यों पर बड़ी राशि खर्च किए जाने की बात सामने आती रही है, लेकिन इसके बावजूद कई स्थानों पर नालियां खुली पड़ी हैं। ऐसे में पैदल चलने वाले लोगों के लिए यह रास्ता जोखिम भरा बना हुआ है। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने या जल्दबाजी में गुजरने के दौरान किसी के नाली में गिरने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।नगर निगम द्वारा शहर में नाली निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के नाम पर लगातार काम कराए जाते हैं। कई स्थानों पर नालियों के ऊपर सुरक्षा जालियां भी लगाई गई हैं। इसके बावजूद वार्ड क्रमांक 4 में खुली नालियों की समस्या बनी हुई है। सवाल यह है कि जब नालियों के निर्माण और सुरक्षा के लिए राशि खर्च की जा रही है तो फिर उन स्थानों पर ढक्कन लगाने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई, जहां लोगों की आवाजाही अधिक है।नालियों को खुला छोड़ना केवल सफाई व्यवस्था से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर आम नागरिकों की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है।
नगर निगम द्वारा समय-समय पर शहर के नालों की सफाई को लेकर अभियान चलाया जाता है। बारिश से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए जाते हैं, ताकि जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। इसके बावजूद वार्ड क्रमांक 4 में मौजूद नाले की स्थिति इन अभियानों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही है। यहां नाले में कचरा और गंदगी जमा नजर आती है। लंबे समय तक सफाई नहीं होने की स्थिति में नाले में कचरा जमने से पानी की निकासी प्रभावित होने की आशंका रहती है।नाले के आसपास भी गंदगी और निर्माण से निकला मलबा दिखाई देता है। ऐसे में केवल सफाई अभियान चलाने या कागजों में कार्य पूर्ण दर्शाने से समस्या का समाधान नहीं होने वाला। जरूरी है कि निगम का अमला नियमित रूप से वार्डों का निरीक्षण करे और जहां सफाई की आवश्यकता है, वहां समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करे।
पुलिया निर्माण का टेंडर, फिर भी काम शुरू होने का इंतजार
वार्ड में पुलिया निर्माण का मामला भी लंबे समय से चर्चा में है। बताया जा रहा है कि संबंधित नाले के निर्माण के लिए करीब दो लाख रुपये का टेंडर हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद मौके पर काम शुरू नहीं हो सका है। निर्माण कार्य में देरी को लेकर बारिश का हवाला दिया जा रहा है। बताया गया कि बारिश को देखते हुए ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया। हालांकि अब सवाल यह उठता है कि जब निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तो कार्य को धरातल पर उतारने की दिशा में आगे की कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।किसी भी निर्माण कार्य में मौसम और परिस्थितियों को ध्यान में रखना जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर काम को अनिश्चित समय तक लंबित नहीं रखा जा सकता।खासकर नाली और पुलिया जैसे कार्य सीधे तौर पर वार्ड की जल निकासी व्यवस्था से जुड़े होते हैं। इनका निर्माण समय पर नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सामुदायिक भवन बना, लेकिन लोगों को नहीं मिला लाभ
वार्ड में सार्वजनिक और सामाजिक आयोजनों की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक भवन का निर्माण भी कराया गया था। इस भवन से उम्मीद थी कि वार्ड के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक उपयुक्त स्थान मिल सकेगा। लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद भी लंबे समय तक इसका वास्तविक लाभ स्थानीय लोगों को नहीं मिल पाया। बताया जाता है कि भवन के उपयोग को लेकर अवैध कब्जे की बात सामने आई थी, जिसके चलते इसके संचालन और आम लोगों को उपलब्ध कराने में बाधा उत्पन्न हुई।
वर्सन/ नालियों में ढक्कन लगाने का प्रावधान है, जिसे जरूर लगाया जाना चाहिए।नाले में कचरा फेंकने मनाही की गई है।जुर्माना भी लगाया गया पर देर रात कुछ लोग फेक जाते है। नाले में पुल का टेंडर हो चुका है बारिश के मौसम में कार्य प्रारंभ नहीं हो सका।
अमृत काटजू
पार्षद वार्ड क्रमांक 4




