रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी के ठिकानों पर आयकर विभाग की दबिश, तड़के पहुंची टीम ने खंगाले कारोबारी रिकॉर्ड
प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ शुरू हुई जांच, 16 टीमों की कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप
रायगढ़। शहर में बुधवार सुबह उस वक्त कारोबारी हलचल बढ़ गई, जब आयकर विभाग की टीम ने बर्बरीक कंपनी से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी। सुबह-सुबह पहुंची टीम ने कंपनी के व्यावसायिक दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू की। कार्रवाई की सूचना सामने आने के बाद जिले के कारोबारी जगत में भी इसकी चर्चा तेज हो गई। फिलहाल जांच का दायरा और विभाग को मिले दस्तावेजों से जुड़े तथ्य सामने नहीं आए हैं।
दरअसल, आयकर विभाग ने बुधवार तड़के छत्तीसगढ़ में एक साथ पांच जिलों में जांच अभियान शुरू किया है। इसके लिए 16 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। रायगढ़ के अलावा रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में भी विभागीय टीमें विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और उनसे जुड़े ठिकानों पर पहुंचीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई कर चोरी से संबंधित सूचनाओं के आधार पर की जा रही है।
वित्तीय लेनदेन पर फोकस
रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी से जुड़े ठिकानों पर पहुंची टीम की जांच का केंद्र कारोबारी गतिविधियों से संबंधित रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेज बताए जा रहे हैं। आय-व्यय के ब्योरे, लेनदेन और अन्य जरूरी अभिलेखों की पड़ताल की जा रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जांच में कोई ऐसी गड़बड़ी मिली है या नहीं, जिसके आधार पर कर चोरी की पुष्टि हो सके।
पांच जिलों तक फैला जांच का दायरा
रायगढ़ में कार्रवाई के साथ ही रायपुर के रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह क्षेत्र में भी आयकर विभाग की टीमों के पहुंचने की सूचना है। दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में भी अलग-अलग ठिकानों पर जांच जारी है। फिलहाल विभाग की ओर से कार्रवाई के परिणाम, किसी तरह की जब्ती या संभावित कर चोरी की राशि को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।




