प्रयास आवासीय स्कूल में छात्रों का सड़क पर प्रदर्शन, प्राचार्य हटाने की मांग को लेकर हुए लामबद्ध, एस डी एम की समझाइश पर शांत हुआ मामला
रायगढ़ / ग्राम पंचायत गढ़उमरिया स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें हटाने की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अचानक हुए इस प्रदर्शन से मुख्य सड़क पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में, हाथों में बैग लिए सड़क पर बैठ गए और प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस महकमा मौके पर पहुंचा।
और उनकी समझाइश उपरांत मामला शांत हो सका।
परीक्षा के बीच उभरा विवाद, बच्चों में रोष
गौरतलब है कि ग्राम गढ़उमरिया स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय का शुभारंभ सितंबर 2024 में मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था।सूत्रों के अनुसार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता और उत्कृष्टता के लिए पहचाने जाने वाले इस विद्यालय में नए प्राचार्य के पदभार ग्रहण करने के बाद से हालात बिगड़ने लगे।छात्र-छात्राओं का कहना है कि स्कूल में तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है और उन पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि प्राचार्य द्वारा कुछ शिक्षकों को हटाने के लिए बच्चों से धोखे से आवेदन पर हस्ताक्षर करवा लिए गए। जब बच्चों को इस बात की जानकारी मिली, तो उनमें भारी नाराजगी फैल गई।प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि परीक्षा के समय शिक्षकों को हटाने से पढ़ाई प्रभावित होगी, साथ ही वर्तमान शिक्षकों के साथ उनका बेहतर तालमेल है। इसी को लेकर उन्होंने शिक्षकों को हटाए जाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने और प्राचार्य को हटाने की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
एसडीएम ने संभाला मोर्चा, समझाइश के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
मामले की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी रायगढ़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर बैठे बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित जांच व निराकरण का आश्वासन दिया। एसडीएम की समझाइश के बाद छात्र-छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया, जिससे यातायात व्यवस्था पुनः बहाल हो सकी।पूरे घटनाक्रम के दौरान जूटमिल थाना प्रभारी अपने मातहत पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे और स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखा।फिलहाल, प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
वर्शन/ प्रयास आवासीय स्कूल में बच्चों को कुछ अध्यन संबंधित गलतफहमी हो गई थी।जिसे समझाइश उपरांत दूर कर दिया गया है।
महेश शर्मा
एस डी एम रायगढ़




