HomeBlogसिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर बढ़कर आ रहे बिजली बिल, उपभोक्ता परेशान

सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर बढ़कर आ रहे बिजली बिल, उपभोक्ता परेशान

सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर बढ़कर आ रहे बिजली बिल, उपभोक्ता परेशान

अक्टूबर की खपत के बिल में जुड़ी अतिरिक्त सुरक्षा निधि की राशि, नवंबर में उपभोक्ताओं को मिली जानकारी

रायगढ़/ शहर में इन दिनों बिजली उपभोक्ताओं के बीच बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। सामान्य तौर पर आने वाले मासिक बिजली बिल की तुलना में इस बार कई उपभोक्ताओं को अधिक राशि के बिल मिले हैं। अचानक बढ़ी हुई राशि देखकर उपभोक्ता परेशान हैं और इसे बिजली दरों में वृद्धि अथवा अतिरिक्त खपत से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं विद्युत विभाग की ओर से इसे अतिरिक्त सुरक्षा निधि (एडिशनल सिक्योरिटी डिपॉजिट-एएसडी) बताया जा रहा है। विभाग के अनुसार यह कोई सामान्य मासिक खपत का शुल्क नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं से निर्धारित प्रावधान के तहत ली जाने वाली सुरक्षा राशि है, जो उनके खाते में जमा रहती है।

दरअसल, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के रायगढ़ से मिली जानकारी के अनुसार उपभोक्ताओं की सुरक्षा निधि का आकलन हर वर्ष किया जाता है। इसके लिए बीते 12 महीनों में उपयोग की गई बिजली के बिलों के औसत के आधार पर राशि निर्धारित होती है। विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष अक्टूबर माह के बिल में अतिरिक्त सुरक्षा निधि की गणना कर उसे जोड़ा जाता है। यही वजह है कि अक्टूबर माह की खपत के बिल में जुड़ी अतिरिक्त राशि नवंबर में उपभोक्ताओं तक पहुंच रही है। इस कारण सामान्य से अधिक बिल मिलने पर उपभोक्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है।विद्युत विभाग का कहना है कि सुरक्षा निधि के नाम पर ली जाने वाली राशि उपभोक्ता के खाते में जमा रहती है। इसे सामान्य बिजली खपत के शुल्क की तरह नहीं देखा जाना चाहिए। विभाग की ओर से यह भी बताया जा रहा है कि जमा सुरक्षा निधि पर उपभोक्ताओं को अप्रैल माह में ब्याज दिया जाता है। ऐसे में अतिरिक्त सुरक्षा निधि की राशि को लेकर उपभोक्ताओं को यह समझने की जरूरत है कि यह बिजली खपत के एवज में लिया गया अतिरिक्त भुगतान नहीं, बल्कि भविष्य में बिजली बिल के भुगतान की सुरक्षा के लिए निर्धारित जमा राशि है।फिलहाल अतिरिक्त सुरक्षा निधि के कारण बढ़े हुए बिलों ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। विभाग की ओर से इसे निर्धारित प्रावधान का हिस्सा बताया जा रहा है, लेकिन केवल पंपलेट जारी कर जानकारी देने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। जरूरी है कि विभाग व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करे और उपभोक्ताओं को बिल में जुड़ी अतिरिक्त राशि का आधार समझाए, ताकि बिजली बिल को लेकर बनी भ्रम की स्थिति दूर हो सके।

दो माह के औसत बिल के बराबर सुरक्षा निधि का प्रावधान

विभाग की ओर से जारी पंपलेट में सुरक्षा निधि की गणना को उदाहरण के जरिए समझाया गया है। इसके अनुसार यदि किसी उपभोक्ता का एक वर्ष का औसत मासिक बिजली बिल एक हजार रुपए है तो उसके पास दो माह के औसत बिल के बराबर यानी दो हजार रुपए की सुरक्षा निधि होनी चाहिए। यदि संबंधित उपभोक्ता के खाते में पहले से 300 रुपए सुरक्षा निधि जमा है तो शेष 1700 रुपए अतिरिक्त सुरक्षा निधि (एएसडी) के रूप में मांगे जाएंगे। इस तरह विभाग पहले से जमा राशि को घटाकर निर्धारित सुरक्षा निधि की शेष रकम बिल में जोड़ता है।

प्रचार-प्रसार के अभाव में उपभोक्ताओं में भ्रम

हालांकि विभाग की ओर से पंपलेट जारी कर सुरक्षा निधि की गणना और उसके उद्देश्य की जानकारी दी गई है, लेकिन इसका व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं होने से आम उपभोक्ताओं तक यह बात स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच पाई है। अधिकांश उपभोक्ताओं को जब सामान्य से अधिक राशि का बिल मिल रहा है तो वे इसकी वजह जानने के लिए परेशान हो रहे हैं। कई लोगों के लिए यह समझना मुश्किल हो रहा है कि नियमित बिजली बिल के साथ अचानक इतनी अतिरिक्त राशि किस मद में जोड़ दी गई है। यदि बिल जारी होने से पहले ही विभाग द्वारा समाचार पत्रों, सोशल मीडिया, उपभोक्ता संदेशों और बिजली कार्यालयों के माध्यम से इसकी जानकारी दी जाती तो उपभोक्ताओं को इस तरह की असमंजस की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।


वर्सन/ अक्टूबर माह के बिल में सिक्यूरिटी डिपॉजिट की राशि शामिल है।जिसे प्रतिवर्ष उपभोक्ताओं से लिया जाता है।यह राशि उपभोक्ताओं के खाते में ही जमा रहती है।जिस पर अप्रैल माह में आर बी आई के नियम तहत ब्याज भी देय है।
गुंजन शर्मा
अधीक्षण यंत्री
विद्युत विभाग

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical

11 साल पुराने सेटअप के भरोसे 48 वार्डों की सफाई, बढ़ते शहर में व्यवस्था बेपटरी

11 साल पुराने सेटअप के भरोसे 48 वार्डों की सफाई, बढ़ते शहर में व्यवस्था बेपटरी62 गार्बेज प्वाइंट के दावे के बावजूद हर वार्ड में...