11 साल पुराने सेटअप के भरोसे 48 वार्डों की सफाई, बढ़ते शहर में व्यवस्था बेपटरी
62 गार्बेज प्वाइंट के दावे के बावजूद हर वार्ड में जगह-जगह कचरे का ढेर, सफाई व्यवस्था के लिए 200 अतिरिक्त कर्मचारियों और वाहनों की दरकार
रायगढ़। शहर का दायरा लगातार बढ़ रहा है, नई कॉलोनियां बस रही हैं और आबादी के साथ कचरे का दबाव भी बढ़ता जा रहा है, लेकिन नगर निगम की सफाई व्यवस्था अब भी करीब 11 साल पुराने सेटअप के भरोसे चल रही है। वर्ष 2015 में निर्धारित संसाधनों और सफाईकर्मियों की व्यवस्था के अनुरूप ही आज भी 48 वार्डों की सफाई संभालने की कोशिश की जा रही है। नतीजा यह है कि एक ओर निगम डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और एसएलआरएम सेंटर के जरिए कचरे के निष्पादन का दावा कर रहा है, तो दूसरी ओर शहर के गली-मोहल्लों में अघोषित गार्बेज प्वाइंट लगातार बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। निगम के अपने आंकड़े भी इस जरूरत की ओर इशारा कर रहे हैं कि मौजूदा संसाधन बढ़ते शहर की सफाई व्यवस्था के लिए पर्याप्त नहीं हैं। यही वजह है कि स्वास्थ्य विभाग ने 200 अतिरिक्त सफाईकर्मियों की मांग की है। वहीं कचरा उठाव के लिए अतिरिक्त वाहनों की जरूरत भी महसूस की जा रही है।
दरअसल, शहर की सफाई व्यवस्था का मौजूदा ढांचा वर्ष 2015 में तय किए गए सेटअप के आधार पर खड़ा है। उस समय शहर का भौगोलिक विस्तार और वार्डों में बसी आबादी आज की तुलना में सीमित थी। बीते 11 वर्षों में शहर का दायरा बढ़ने के साथ कई नई कॉलोनियां अस्तित्व में आ चुकी हैं। पुराने इलाकों के विस्तार के अलावा नए रहवासी क्षेत्र भी निगम की सफाई व्यवस्था के दायरे में शामिल हुए हैं। ऐसे में सफाईकर्मियों की संख्या, वाहनों और संसाधनों में उसी अनुपात में वृद्धि नहीं होने से व्यवस्था पर दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। सवाल यह है कि जब शहर का विस्तार लगातार हो रहा है तो सफाई का ढांचा अब भी पुराने मानकों पर क्यों निर्भर है?नगर निगम से मिले आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में शहर की सफाई व्यवस्था के लिए 50 नियमित कर्मचारी, 385 प्लेसमेंट कर्मचारी और 266 स्वच्छता दीदियां कार्यरत हैं। निगम का दावा है कि प्रत्येक वार्ड में एक सुपरवाइजर के साथ छह सफाईकर्मियों की व्यवस्था की गई है। कागजों पर यह व्यवस्था 48 वार्डों में सफाई के लिए निर्धारित मानक के अनुरूप दिखाई देती है, लेकिन वास्तविक चुनौती वार्डों के भीतर बढ़ते क्षेत्रफल, नई बसाहट और आबादी के फैलाव की है।यही कारण है कि मौजूदा कर्मचारियों की संख्या के बावजूद सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आती रहती हैं।शहर का विस्तार 11 वर्षों में बदल चुका है, लेकिन सफाई का ढांचा अब भी 2015 के हिसाब से चल रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पुराने सेटअप के भरोसे बढ़ते रायगढ़ को स्वच्छ और व्यवस्थित रखा जा सकता है?
62 गार्बेज प्वाइंट का दावा, फिर हर वार्ड में कचरे के ढेर क्यों?
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार शहर में कचरा एकत्रित करने के लिए 62 गार्बेज प्वाइंट बनाए गए हैं। यहां जमा होने वाले कचरे का उठाव कर उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे भेजा जाता है। लेकिन जमीनी स्थिति इससे अलग नजर आती है। शहर के लगभग हर वार्ड में ऐसे कई स्थान दिखाई देते हैं, जहां नियमित रूप से कचरा फेंका जा रहा है। इनमें से कई जगहें ऐसी हैं जो अधिकृत गार्बेज प्वाइंट की सूची में शामिल नहीं हैं, लेकिन धीरे-धीरे स्थायी कचरा डंपिंग स्थल का रूप ले चुकी हैं। शुरुआत में किसी खाली जगह या सड़क किनारे थोड़ी मात्रा में कचरा फेंका जाता है, लेकिन नियमित उठाव नहीं होने अथवा लोगों की आदत बन जाने से वहां कचरे का ढेर लगने लगता है। इस तरह अघोषित गार्बेज प्वाइंट तैयार हो जाते हैं। ऐसे स्थानों पर सफाई के लिए अलग से निगरानी और नियमित उठाव की जरूरत होती है।
बाहरी किरायेदारों पर जिम्मेदारी डाल रहा सफाई विभाग
अघोषित गार्बेज प्वाइंट की समस्या पर निगम का सफाई विभाग बाहरी किरायेदारों की भूमिका को प्रमुख कारण बता रहा है। विभाग के अनुसार डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए वाहन निर्धारित समय पर संबंधित क्षेत्रों में पहुंचते हैं, लेकिन कई लोग उस दौरान कचरा देने के बजाय बाद में सड़क किनारे अथवा खाली स्थानों पर फेंक देते हैं। इससे अव्यवस्थित तरीके से कचरा जमा होने लगता है और धीरे-धीरे दूसरे लोग भी उसी स्थान पर कचरा डालने लगते हैं। हालांकि इस समस्या के लिए केवल किरायेदारों को जिम्मेदार ठहराना पर्याप्त नहीं होगा। नियमित कचरा संग्रहण के साथ समय की जानकारी, निगरानी और नियमों का पालन सुनिश्चित करना भी निगम की जिम्मेदारी है। वहीं नागरिकों और प्रतिष्ठान संचालकों को भी निर्धारित वाहन में ही कचरा देने की आदत अपनानी होगी। जब तक दोनों पक्षों की जिम्मेदारी तय नहीं होगी, तब तक अघोषित गार्बेज प्वाइंट की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण मुश्किल है।
11 एसएलआरएम सेंटर में रोजाना पहुंच रहा 24.7 टन कचरा
शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के बाद एकत्रित कचरे को एसएलआरएम सेंटरों तक पहुंचाया जाता है। निगम के अनुसार शहर में संचालित 11 एसएलआरएम सेंटरों में प्रतिदिन लगभग 24.7 टन कचरा जमा होता है। यहां गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण कर उसके उपयोग और निष्पादन की प्रक्रिया अपनाई जाती है। जैविक कचरे को कंपोस्ट में बदलने की व्यवस्था है, जबकि प्लास्टिक कचरे की प्रोसेसिंग और पुनः उपयोग योग्य सामग्री को अलग कर बिक्री की जाती है। बताया जाता है कि इस कार्य से जुड़ी प्रत्येक स्वच्छता दीदी को महीने में करीब तीन से साढ़े तीन हजार रुपये तक की आय होती है। यानी कचरा प्रबंधन को केवल सफाई तक सीमित न रखकर उसे आजीविका और संसाधन के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश भी की जा रही है। इसके बावजूद कचरे का संग्रहण और परिवहन व्यवस्थित नहीं होने पर पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
कचरा उठाव के लिए 17 टिपर, 20 ट्रैक्टर और 7 जेसीबी
नगर निगम के पास कचरा उठाव और सफाई कार्य के लिए मौजूदा समय में 17 टिपर, 20 ट्रैक्टर, 7 जेसीबी, 2 पोकलेन और संकरे रास्तों में सफाई के लिए एक छोटा वाहन उपलब्ध है। इन्हीं संसाधनों के माध्यम से 48 वार्डों में कचरा उठाव, परिवहन और अन्य सफाई कार्य संचालित किए जा रहे हैं। लेकिन शहर का बढ़ता दायरा और प्रतिदिन निकलने वाले कचरे की मात्रा इन वाहनों पर अतिरिक्त दबाव बना रही है। कई क्षेत्रों में कचरा संग्रहण के साथ सार्वजनिक स्थानों पर जमा कचरे का उठाव भी करना पड़ता है। ऐसे में निर्धारित काम के अलावा अचानक बनने वाले डंपिंग प्वाइंट की सफाई के लिए अतिरिक्त वाहन और मशीनरी की आवश्यकता पड़ती है।
निगम ने इसी जरूरत को देखते हुए अतिरिक्त वाहनों की की भी जरूरत भी महसूस की जा रही है।
वर्सन/
वर्तमान में पुराने सेटअप के अनुरूप सफाई व्यवस्था का कार्य शासन से अतिरिक्त सेटअप की मांग रखी गई है।
सौरभ आलोक साव
प्रभारी स्वास्थ्य विभाग
नगर निगम




