विवादित जमीन पर बीएस स्पंज का निर्माण, नायब तहसीलदार ने लगाया रोक
चारमार गांव में खसरा नंबर 86 की भूमि को लेकर विवाद, न्यायालय में मामला विचाराधीन रहने तक निर्माण कार्य स्थगित रखने का आदेश
रायगढ़/ जिले में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार के बीच जमीन से जुड़े विवादों को दरकिनार कर निर्माण कार्य किए जाने का मामला सामने आया है। घरघोड़ा तहसील के ग्राम चारमार में खसरा नंबर 86 की भूमि पर बीएस स्पंज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। भूमि पर अपना स्वामित्व और आधिपत्य होने का दावा करते हुए ग्रामीणों ने निर्माण पर रोक लगाने की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार घरघोड़ा ने निर्माण कार्य पर आगामी आदेश तक स्थगन लगा दिया है। इसके साथ ही पुलिस और राजस्व अमले को मौके पर निर्माण रुकवाने के निर्देश दिए गए हैं। बावजूद इसके इस पूरे मामले ने निर्माणकर्ता कंपनी की कार्यप्रणाली और विवादित भूमि पर निर्माण शुरू करने की जल्दबाजी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
न्यायालय नायब तहसीलदार घरघोड़ा में प्रस्तुत आवेदन के अनुसार ग्राम चारमार निवासी चिंतामणि पिता उसतो जाति कोलता एवं एक अन्य ने खसरा नंबर 86 की भूमि को लेकर शिकायत प्रस्तुत की थी। आवेदन में बताया गया कि उक्त भूमि का रकबा 72.45 है और इस भूमि पर आवेदकगण का स्वामित्व एवं आधिपत्य है। इसके बावजूद एम/एस बीएस स्पंज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा उक्त भूमि पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आवेदकों ने यह भी दावा किया कि उनके द्वारा उक्त भूमि किसी भी व्यक्ति अथवा संस्था को विक्रय नहीं की गई है। ऐसे में कंपनी द्वारा भूमि पर निर्माण कराया जाना उनके अधिकारों को प्रभावित करने वाला है। इसी आधार पर निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने की मांग की गई थी।आवेदन में प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर भूमि विवाद की जांच कराई गई। इसके लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व घरघोड़ा के माध्यम से जांच प्रतिवेदन चाहा गया था। इस संबंध में तहसीलदार घरघोड़ा के पत्र क्रमांक 3113/रीडर/2026 दिनांक 16 सितंबर 2026 के माध्यम से जांच प्रतिवेदन भी प्रेषित किया गया। आदेश में उल्लेख है कि संबंधित शिकायत वरिष्ठ न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसी स्थिति में विवादित भूमि पर निर्माण कार्य जारी रहने से मामले की स्थिति और जटिल हो सकती है। अब 4 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में कंपनी के दस्तावेजों, राजस्व जांच प्रतिवेदन और दोनों पक्षों के जवाब के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। हालांकि, इस प्रकरण ने औद्योगिक कंपनियों द्वारा जमीन पर निर्माण शुरू करने से पहले उसके स्वामित्व और विवाद की स्थिति की गंभीरता से जांच किए जाने की आवश्यकता को एक बार फिर सामने ला दिया है।
नायब तहसीलदार का आदेश, पुलिस बल के साथ निर्माण रुकवाने के निर्देश
न्यायालय नायब तहसीलदार घरघोड़ा ने 25 नवंबर 2026 को जारी स्थगन आदेश में ग्राम चारमार स्थित खसरा नंबर 86 से संबंधित भूमि पर एम/एस बीएस स्पंज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य को आगामी आदेश तक स्थगित रखने का निर्देश दिया है। आदेश की प्रतिलिपि थाना प्रभारी घरघोड़ा को भेजकर मौके पर तत्काल पुलिस बल भेजने और विवादित भूमि पर किए जा रहे निर्माण कार्य को रुकवाना सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं हल्का पटवारी क्रमांक 18 को भी निर्माण कार्य पर रोक लगाकर जांच प्रतिवेदन आगामी पेशी 4 दिसंबर 2026 के पूर्व न्यायालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।इस प्रकरण में निर्माणकर्ता कंपनी एम/एस बीएस स्पंज प्राइवेट लिमिटेड को भी आदेश की प्रतिलिपि भेजी गई है। कंपनी को निर्माण कार्य रोकते हुए 4 दिसंबर 2026 को निर्धारित पेशी में उपस्थित होकर संबंधित दस्तावेजों के साथ अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।




