HomeBlogजिला अस्पताल की मर्चुरी में शव सुरक्षित रखने में बड़ी लापरवाही, डेड...

जिला अस्पताल की मर्चुरी में शव सुरक्षित रखने में बड़ी लापरवाही, डेड बॉडी डी-कंपोज होने से परिजनों में आक्रोश

जिला अस्पताल की मर्चुरी में शव सुरक्षित रखने में बड़ी लापरवाही, डेड बॉडी डी-कंपोज होने से परिजनों में आक्रोश

करंट से मृत युवक का शव जिस डीप फ्रीजर में रखा गया, वह नहीं मिला चालू, अस्पताल प्रबंधन ने शॉर्ट सर्किट को बताया वजह, सप्ताहभर में जिम्मेदारों पर कार्रवाई का दावा

रायगढ़/ जिला चिकित्सालय की मर्चुरी में शवों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था और उसकी निगरानी को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। गुरुवार को इंदिरा नगर के कार वाशिंग सेंटर में करंट लगने से जान गंवाने वाले 20 वर्षीय युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मर्चुरी में रखा गया था। लेकिन परिजनों का आरोप है कि शव को सुरक्षित रखने के लिए जिस डीप फ्रीजर में रखा गया था, उसे चालू ही नहीं किया गया। इसके चलते शुक्रवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे तो शव की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। उनका आरोप है कि रातभर उचित तापमान नहीं मिलने के कारण शव डी-कंपोज होने लगा था।

इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अलग ही वजह बताई जा रही है। प्रबंधन का कहना है कि मर्चुरी का डीप फ्रीजर शॉर्ट सर्किट के कारण रात में बंद हो गया था। हालांकि, परिजनों ने प्रबंधन के इस दावे पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि रात में शॉर्ट सर्किट के कारण फ्रीजर बंद हुआ था तो मर्चुरी में रखे अन्य तीन शवों पर इसका असर क्यों नहीं पड़ा? आखिर किस परिस्थिति में युवक के शव की ऐसी स्थिति बनी और ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने समय रहते इसकी जानकारी क्यों नहीं दी? इन सवालों ने अस्पताल की व्यवस्था और जिम्मेदार कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।गौरतलब है कि गुरुवार को इंदिरा नगर निवासी 20 वर्षीय रमेश चक्रधारी की कार वाशिंग सेंटर में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। हादसे के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि देर शाम होने का हवाला देते हुए ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने तत्काल पोस्टमार्टम करने से मना कर दिया। इसके बाद शव को जिला चिकित्सालय की मर्चुरी में सुरक्षित रखने के लिए रखवा दिया गया, ताकि अगले दिन नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा सके।परिजनों को उम्मीद थी कि अस्पताल की मर्चुरी में शव को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था होगी और अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद वे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। लेकिन शुक्रवार की सुबह जब वे पोस्टमार्टम कराने और शव को घर ले जाने के लिए पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर स्तब्ध रह गए। परिजनों का आरोप है कि जिस डीप फ्रीजर में शव रखा गया था, वह चालू नहीं था। रातभर शव सामान्य तापमान में पड़े रहने के कारण उसकी स्थिति खराब हो गई और वह डी-कंपोज होने लगा।यदि विद्युत संबंधी कोई तकनीकी खराबी थी तो इसकी जानकारी अस्पताल के जिम्मेदार कर्मचारियों को रात में ही क्यों नहीं मिली? मर्चुरी में रखे शव की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी और ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों ने फ्रीजर की स्थिति की जांच क्यों नहीं की? फिलहाल इन सवालों का स्पष्ट जवाब सामने आना बाकी है।

अन्य तीन शवों को नुकसान नहीं, शॉर्ट सर्किट के दावे पर सवाल

इस पूरे मामले में परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन की सफाई पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि प्रबंधन के अनुसार रात में शॉर्ट सर्किट होने से डीप फ्रीजर बंद हुआ था तो मर्चुरी में रखे गए अन्य तीन शवों की स्थिति सामान्य कैसे रही? क्या उन शवों को अलग फ्रीजर में रखा गया था या फिर उनके लिए अलग व्यवस्था थी? यदि एक ही मशीन अथवा व्यवस्था प्रभावित हुई थी तो उसका असर सभी शवों पर क्यों नहीं दिखाई दिया?
परिजनों ने यह भी सवाल उठाया है कि सुबह पुलिसकर्मियों को किस आधार पर यह जानकारी मिली कि संबंधित स्थान पर करंट प्रवाहित हो रहा है और शव निकालने से पहले उसे बंद करने की हिदायत दी गई?

मर्चुरी की व्यवस्था और ड्यूटी कर्मचारियों की निगरानी पर सवाल

जिला चिकित्सालय की मर्चुरी में शवों को सुरक्षित रखने के लिए डीप फ्रीजर की व्यवस्था का उद्देश्य ही यह है कि पोस्टमार्टम अथवा परिजनों को सौंपे जाने तक शव को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखा जा सके। ऐसे में यदि फ्रीजर किसी तकनीकी खराबी या विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण बंद हो जाता है तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों को मिलनी चाहिए। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए शव को सुरक्षित रखना भी अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी है।इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या मर्चुरी में उपकरणों की नियमित जांच की जाती है? क्या फ्रीजर के चालू रहने और निर्धारित तापमान बनाए रखने की निगरानी के लिए कोई व्यवस्था है?

सप्ताहभर में जिम्मेदारों पर कार्रवाई का दावा

मामले के सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने इसे गंभीरता से लेने की बात कही है। प्रबंधन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी और इसमें जिन कर्मचारियों अथवा जिम्मेदारों की लापरवाही सामने आएगी, उनके विरुद्ध सप्ताहभर के भीतर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रबंधन ने शॉर्ट सर्किट के कारण डीप फ्रीजर बंद होने की बात कही है, लेकिन घटना की वास्तविक वजह और ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical

धनतेरस पर रायगढ़ के बाजार में बरसी धनवर्षा, डेढ़ से दो सौ करोड़ का कारोबार

धनतेरस पर रायगढ़ के बाजार में बरसी धनवर्षा, डेढ़ से दो सौ करोड़ का कारोबार सोने की कीमतों में गिरावट से सराफा बाजार में लौटी...