28 हजार करोड़ का कर्ज लेने वाली सरकार का नहीं दिख रहा काम : भूपेश
जनकर्म न्यूज
रायगढ। निगम आडिटोरियम में महापौर द्वारा आयोजित तीज मिलन समारोह में शामिल होने के लिए रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा आरोप लगाया कि इनसे सरकार संभाल नहीं रही है। 28 हजार करोड का कर्ज लेकर उन्होंने छग में क्या काम किया है,ये वो बता नहीं पा रहे हैं। राज्य में सभी विकास कार्य और योजनाएं बंद बराबर हो गई हैं।
उन्होंने तमनार को नगर पंचायत बनाने की घोषणा को लेकर कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में पहले ही घोषणा हो चुकी थी अब तो उन्हें उद्घाटन करना था। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह भी आरोप लगाया कि जो योजनाएं चल रही थी उन्हें भी भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। सिर्फ महतारी वंदन योजना चल रही है। उसमें भी नव विवाहिता जो हैं उनके लिए पोर्टल नहीं खोला गया है। जो छूट गए हैं उन्हें नहीं जोड़ा जा रहा है। वृद्धा पेंशन में कटौती कर दी है।
गौधन न्याय योजना, राजीव मितान क्लब योजना बंद, राजीव गांधी किसान न्याय योजना बंद, भूमि श्रमिक न्याय योजना बंद, बेरोजगारी योजना बंद सारी योजना बंद कर दी गई है।तीज मिलन समारोह के अवसर पर निगम के ऑडिटोरियम में काफी संख्या में महिलाएं पहुंची थी। जिनका पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सम्मान किया।
इस दौरान पूर्व मंत्री व खरसिया विधायक उमेश पटेल, महापौर जानकी काट्जू, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, सभापति जयंत ठेठवार के साथ ही अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद थे।
