HomeBlogनाम निरस्तीकरण के बाद जागी सड़क की सुध, जिंदल ने शुरू कराया...

नाम निरस्तीकरण के बाद जागी सड़क की सुध, जिंदल ने शुरू कराया पैचवर्क

नाम निरस्तीकरण के बाद जागी सड़क की सुध, जिंदल ने शुरू कराया पैचवर्क

ढिमरापुर चौक से जोहल पैलेस तक गड्ढों पर चढ़ रही डामर की परत, काम पूरा होने के बाद कंपनी कराएगी सड़क का निर्माण

रायगढ़/ ढिमरापुर-केवड़ाबाड़ी मार्ग की बदहाली और मरम्मत की अनदेखी को आधार बनाकर पूर्व में स्व. ओपी जिंदल के नाम पर किए गए सड़क के नामकरण को निरस्त करने का प्रस्ताव नगर निगम की साधारण सभा में पारित किया गया था। लेकिन अब इस पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है। जिस सड़क की दुर्दशा को लेकर निगम के सदन में सवाल उठे और नामकरण निरस्तीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया, उसी मार्ग पर अब जिंदल कंपनी युद्धस्तर पर पैचवर्क करा रही है।

ढिमरापुर चौक से होटल जोहल पैलेस तक सड़क पर बने गड्ढों को डामर से भरने का काम शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पैचवर्क पूरा होने के बाद कंपनी इस हिस्से का पूरा सड़क निर्माण भी कराएगी। खास बात यह है कि इसके लिए न तो नगर निगम को टेंडर जारी करने की जरूरत पड़ेगी और न ही निर्माण पर निगम का कोई अतिरिक्त खर्च आएगा। दूसरी ओर घड़ी चौक से होटल जोहल पैलेस तक सड़क निर्माण की जिम्मेदारी नगर निगम की होगी, जिसके लिए करीब 9 करोड़ रुपए का टेंडर स्वीकृत हो चुका है। ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि जिस सड़क की बदहाली के कारण नामकरण निरस्तीकरण की नौबत आई, यदि उसी सड़क का निर्माण जिंदल कंपनी करा देती है तो क्या नाम निरस्तीकरण की प्रक्रिया पर भी इसका असर पड़ेगा?दरअसल, शहर के ढिमरापुर-केवड़ाबाड़ी मार्ग का नामकरण वर्ष 2008 में स्व. ओपी जिंदल के नाम पर किया गया था। नगर निगम के दस्तावेजों के अनुसार 9 मई 2008 को आयोजित साधारण सम्मेलन में प्रस्ताव क्रमांक 11 के माध्यम से केवड़ाबाड़ी चौक से ढिमरापुर चौक तक के मार्ग का नामकरण स्व. ओपी जिंदल के नाम पर किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बाद समय बीतता गया, लेकिन सड़क की स्थिति को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रहीं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी डामर की परत और मरम्मत के अभाव में राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता रहा। स्थिति ऐसी बन गई कि शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल इस मार्ग पर आवागमन करना भी जोखिम भरा हो गया। इसी बदहाली और सड़क की नियमित मरम्मत नहीं होने को आधार बनाकर जिंदल के नाम पर किए गए नामकरण को निरस्त करने की मांग ने जोर पकड़ा।

सदन में सर्वसम्मति से पारित हुआ था निरस्तीकरण का प्रस्ताव

नगर निगम की एमआईसी बैठक में 4 सितंबर 2025 को प्रस्ताव क्रमांक 08 के माध्यम से नामकरण निरस्तीकरण का प्रस्ताव रखा गया था। इसके बाद 7 अक्टूबर 2025 को आयोजित निगम की साधारण सभा में प्रस्ताव क्रमांक 03 के जरिए इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। निगम के आधिकारिक जवाब में बताया गया है कि नामकरण के लिए जिंदल स्टील द्वारा निर्धारित शर्तों का उल्लंघन किए जाने तथा सड़क का सामान्य संधारण और मरम्मत नहीं कराए जाने की स्थिति को आधार बनाकर निरस्तीकरण का प्रस्ताव पारित किया गया था। यानी निगम के सदन में सड़क की बदहाली और मरम्मत की अनदेखी को नामकरण निरस्तीकरण के प्रमुख कारणों में शामिल किया गया। इसके बाद 17 अक्टूबर 2025 को पत्र क्रमांक 7176 के माध्यम से सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को प्रस्ताव शासन की स्वीकृति के लिए भेजा गया।

अब कंपनी ही करा रही सड़क की मरम्मत

नामकरण निरस्तीकरण की प्रक्रिया शासन स्तर पर लंबित रहने के बीच अब सड़क की स्थिति में बदलाव की तस्वीर सामने आने लगी है। ढिमरापुर चौक से होटल जोहल पैलेस तक जिंदल कंपनी की ओर से पैचवर्क कराया जा रहा है। सड़क पर बने गड्ढों को डामर से भरा जा रहा है, ताकि फिलहाल आवागमन को सुगम बनाया जा सके। जानकारी के अनुसार यह केवल गड्ढों को भरने तक सीमित नहीं रहेगा। पैचवर्क का काम पूरा होने के बाद कंपनी इस हिस्से में सड़क का पूरा निर्माण कराएगी। इसके लिए निगम को अलग से टेंडर प्रक्रिया अपनाने या निर्माण राशि खर्च करने की आवश्यकता नहीं होगी। यदि तय योजना के अनुरूप काम पूरा होता है तो लंबे समय से बदहाल इस हिस्से को राहत मिल सकती है। हालांकि सड़क निर्माण की गुणवत्ता और काम पूरा होने के बाद ही इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

घड़ी चौक से जोहल पैलेस तक निगम कराएगा निर्माण

इस सड़क के दूसरे हिस्से में घड़ी चौक से होटल जोहल पैलेस तक निर्माण की जिम्मेदारी नगर निगम की रहेगी। इसके लिए करीब 9 करोड़ रुपए का टेंडर स्वीकृत हो चुका है। बताया जा रहा है कि जिंदल कंपनी की ओर से पैचवर्क और सड़क निर्माण का काम पूरा होने के बाद निगम अपने हिस्से में निर्माण कार्य शुरू कराएगा। यानी एक ही सड़क के अलग-अलग हिस्सों का निर्माण दो स्तरों पर कराया जाना है। एक हिस्से में कंपनी अपने स्तर पर निर्माण कराएगी, जबकि दूसरे हिस्से में निगम स्वीकृत टेंडर के माध्यम से काम करवाएगा। इस व्यवस्था का एक अहम पहलू यह भी है कि जिंदल कंपनी द्वारा अपने हिस्से में काम कराए जाने के कारण निगम को उस पर अलग से राशि खर्च नहीं करनी पड़ेगी। वहीं निगम के हिस्से में स्वीकृत 9 करोड़ रुपए की राशि में से निर्माण के बाद जो रकम शेष बचेगी, उसका उपयोग अन्य विकास कार्यों में किए जाने की भी चर्चा है।

वर्सन –
केवड़ाबाड़ी से ढिमरापुर चौक तक सड़क का नाम ओपी जिंदल के नाम पर किए जाने संबंधी प्रस्ताव को निरस्त करने का प्रस्ताव नगर निगम की सामान्य सभा में स्वीकृत हो चुका है। वर्तमान में जिंदल प्रबंधन द्वारा उक्त सड़क पर बने गड्ढों को भरने के लिए युद्धस्तर पर पैचवर्क कराया जा रहा है। पैचवर्क पूरा होने के बाद सड़क का पूर्ण निर्माण भी कराया जाएगा। वहीं, नाम निरस्तीकरण के प्रस्ताव से संबंधित जानकारी शासन को भेज दी गई है। इस पर अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा।

मुक्तिनाथ प्रसाद,
पीडब्ल्यूडी प्रभारी
एमआईसी, नगर निगम

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical

रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी के ठिकानों पर आयकर विभाग की दबिश, तड़के पहुंची टीम ने खंगाले कारोबारी रिकॉर्ड

रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी के ठिकानों पर आयकर विभाग की दबिश, तड़के पहुंची टीम ने खंगाले कारोबारी रिकॉर्डप्रदेश के पांच जिलों में एक साथ...