औद्योगिक नगरी रायगढ़ के मुक्तिधाम की बदहाली चिंताजनक, मरीन ड्राइव में बने सर्वसुविधायुक्त भव्य मुक्तिधाम
शासन एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी से प्रकाश निगानिया की जनहित में पहल करने की अपील
रायगढ़। औद्योगिक नगरी रायगढ़ विकास के नए आयाम छू रही है, शहर में आधुनिक सुविधाओं और सौंदर्यीकरण के अनेक कार्य हो रहे हैं, लेकिन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जीवन की अंतिम यात्रा से जुड़ा शहर का कयाघाट स्थित मुक्तिधाम आज भी बदहाली का दंश झेल रहा है। मुक्तिधाम की वर्तमान स्थिति देखकर मन व्यथित होता है। जिस स्थान पर हर व्यक्ति अपने परिजनों को अंतिम विदाई देने पहुंचता है, वहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव और अव्यवस्थाओं का आलम है।
मुक्तिधाम परिसर में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा रहता है, फर्श टूट चुके हैं और लगातार काई जमी रहने से परिसर में फिसलने एवं दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं, पीछे मरीन ड्राइव के निर्माण के कारण मुक्तिधाम की काफी जमीन भी प्रभावित हुई है, जिससे इसका क्षेत्रफल पहले की तुलना में सीमित हो गया है। अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील अवसर पर आने वाले लोगों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति किसी एक परिवार या समाज की नहीं, बल्कि पूरे रायगढ़ शहर की समस्या है।
जब आसपास के शहरों में भव्य मुक्तिधाम, तो रायगढ़ क्यों पीछे?
रायगढ़ एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है। यहां बड़े-बड़े उद्योग, व्यापारिक प्रतिष्ठान और विकास की अनेक परियोजनाएं हैं। इसके बावजूद शहर के मुक्तिधाम की ऐसी स्थिति चिंताजनक है। वहीं कोरबा, सक्ती, बिलासपुर और पड़ोसी राज्य ओडिशा के संबलपुर जैसे शहरों में बेहतर सुविधाओं से युक्त व्यवस्थित मुक्तिधाम देखने को मिलते हैं, जहां स्वच्छता, सुंदर परिसर और गार्डन जैसी व्यवस्थाएं भी विकसित की गई हैं। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहे रायगढ़ को एक अच्छे और व्यवस्थित मुक्तिधाम की सुविधा आखिर कब मिलेगी?
मरीन ड्राइव में हो नए और भव्य मुक्तिधाम का निर्माण
इस विषय पर जनहित में अपनी बात रखते हुए शहरवासी और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश निगानिया ने शासन-प्रशासन, नगर निगम एवं रायगढ़ के विधायक और प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी जी से विशेष आग्रह किया है कि मरीन ड्राइव क्षेत्र में एक नए, भव्य एवं सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम के निर्माण की दिशा में गंभीरता से पहल की जाए।
उन्होंने कहा कि मुक्तिधाम केवल किसी एक समाज, वर्ग या परिवार का नहीं होता, बल्कि यह सर्वसमाज की साझा आवश्यकता है। जीवन के अंतिम पड़ाव पर प्रत्येक व्यक्ति को यहां आना होता है। इसलिए इसकी व्यवस्था भी ऐसी होनी चाहिए, जहां हर वर्ग के लोगों को सम्मानजनक, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
प्रस्तावित मुक्तिधाम में पर्याप्त स्थान, व्यवस्थित अंतिम संस्कार स्थल, स्वच्छ एवं मजबूत फर्श, शेड, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, शौचालय, साफ-सफाई के लिए नियमित व्यवस्था तथा सुंदर गार्डन विकसित किया जाना चाहिए। साथ ही परिसर का रखरखाव भी सुनिश्चित हो, ताकि आने वाले वर्षों तक नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
यह मांग किसी व्यक्तिगत सुविधा की नहीं, पूरे शहर के सम्मान और आवश्यकता की है। रायगढ़ के नागरिकों को भी एक ऐसा मुक्तिधाम मिलना चाहिए, जहां वे अपने प्रियजनों को अंतिम विदाई गरिमापूर्ण एवं शांत वातावरण में दे सकें। शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आग्रह है कि इस महत्वपूर्ण विषय को प्राथमिकता में रखते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लें और रायगढ़ को एक आधुनिक, भव्य एवं सर्वसमाज के लिए समर्पित मुक्तिधाम की सौगात दें।




