सिग्नल चौक का ट्रैफिक सिग्नल बंद, मनमाने ढंग से गुजर रहे वाहन
चौराहे पर दोनों ओर से हो रही आवाजाही से हादसे का खतरा, सिग्नल खराब होने के बाद यातायात व्यवस्था संभालने जिम्मेदारों की मौजूदगी पर सवाल..?
रायगढ़/ शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल सिग्नल चौक पर ट्रैफिक सिग्नल बंद होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सिग्नल के काम नहीं करने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक यातायात नियमों की परवाह किए बिना चौराहे से गुजरते नजर आ रहे हैं। दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही के बीच व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए यातायात कर्मियों की मौजूदगी नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सिग्नल खराब होने की स्थिति में यातायात को व्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
शहर की व्यस्त सड़कों को जोड़ने वाले इस चौराहे पर दिन के समय वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सामान्य परिस्थितियों में ट्रैफिक सिग्नल के माध्यम से अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को नियंत्रित किया जाता है, ताकि चौराहे पर टकराव की स्थिति न बने। लेकिन सिग्नल बंद होने पर वाहन चालकों को स्वयं रास्ता देखकर आगे बढ़ना पड़ रहा है। चौराहे से अलग-अलग दिशाओं में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही दिखाई दे रही है।ट्रैफिक सिग्नल का काम केवल लाल, पीली और हरी बत्ती दिखाना नहीं, बल्कि चौराहे पर वाहनों की आवाजाही को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना भी है। सिग्नल बंद होने की स्थिति में यातायात कर्मियों की तैनाती महत्वपूर्ण हो जाती है। पुलिसकर्मी हाथ के संकेतों से वाहनों को रोककर और बारी-बारी से आगे बढ़ाकर यातायात नियंत्रित कर सकते हैं। इसके अभाव में वाहन चालकों के बीच पहले निकलने की होड़ या रास्ते को लेकर असमंजस पैदा होने की आशंका रहती है।
सिग्नल चौक पर यदि तकनीकी खराबी के कारण सिग्नल बंद है, तो उसे दुरुस्त कराने के साथ वैकल्पिक व्यवस्था करना भी जरूरी है। व्यस्त चौराहे पर यातायात का दबाव देखते हुए संबंधित विभाग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सिग्नल ठीक होने तक वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहे।
क्या हादसे के बाद जागेगा विभाग?
चौराहे पर यातायात नियमों का पालन कराना और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना यातायात प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। ऐसे में सिग्नल बंद रहने के दौरान व्यवस्था की निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की जरूरत है। यदि समय रहते खराबी दूर नहीं की गई और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बनाई गई, तो किसी भी समय वाहन आपस में टकरा सकते हैं अथवा राहगीरों को नुकसान पहुंच सकता है।अब सवाल यह है कि सिग्नल चौक का ट्रैफिक सिग्नल कब तक दुरुस्त होगा? खराबी की जानकारी संबंधित विभाग को है या नहीं? और जब तक सिग्नल चालू नहीं होता, तब तक चौराहे पर यातायात नियंत्रित करने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?




