Friday, August 21, 2026
Google search engine
HomeBlogबड़े ब्रांडों के चमकदार ऑफरों पर सराफा कारोबारियों का सवाल, रायगढ़ में...

बड़े ब्रांडों के चमकदार ऑफरों पर सराफा कारोबारियों का सवाल, रायगढ़ में उठी सख्त कानून की मांग

बड़े ब्रांडों के चमकदार ऑफरों पर सराफा कारोबारियों का सवाल, रायगढ़ में उठी सख्त कानून की मांग

भ्रामक प्रचार और लुभावने ऑफरों से उपभोक्ताओं को गुमराह करने का आरोप, सराफा एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री कार्यालय के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायगढ़। बड़े ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूमों द्वारा आकर्षक ऑफरों, भ्रामक प्रचार और प्रलोभनों के माध्यम से आम उपभोक्ताओं को गुमराह किए जाने का आरोप लगाते हुए रायगढ़ सराफा एसोसिएशन ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री कार्यालय, भारत सरकार के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने पूरे देश में सराफा कारोबार के लिए समान और प्रभावी कानूनी व्यवस्था लागू करने के साथ ही पारंपरिक सराफा व्यापारियों एवं स्वर्ण कारीगरों के हितों की सुरक्षा के लिए ठोस नीतिगत एवं कानूनी प्रावधान किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि भारत का सराफा एवं स्वर्ण आभूषण व्यवसाय महज व्यापार नहीं, बल्कि देश की परंपरा, कला, संस्कृति, स्थानीय रोजगार और स्वदेशी अर्थव्यवस्था से गहराई से जुड़ा हुआ है। देशभर में हजारों छोटे एवं मध्यम सराफा व्यापारी तथा लाखों स्वर्ण कारीगर पीढ़ियों से इस व्यवसाय को आगे बढ़ा रहे हैं।

सराफा एसोसिएशन का कहना है कि बड़े ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूमों के विज्ञापनों में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रकार के लुभावने ऑफर और प्रचार किए जाते हैं। इससे पारंपरिक सराफा कारोबारियों के सामने प्रतिस्पर्धा की चुनौती बढ़ रही है तथा वर्षों से अपनी विश्वसनीयता और गुणवत्ता के आधार पर कारोबार करने वाले स्थानीय व्यापारियों के व्यापारिक हित प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में सरकार का ध्यान “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” जैसे अभियानों की ओर आकर्षित करते हुए कहा गया कि यदि स्थानीय और पारंपरिक व्यवसाय को बढ़ावा देना है तो पीढ़ियों से इस क्षेत्र में कार्य कर रहे सराफा व्यापारियों तथा स्वर्ण कारीगरों के हितों की भी प्रभावी सुरक्षा आवश्यक है।
एसोसिएशन ने मांग की कि देशभर में सभी ज्वेलरी कारोबारियों के लिए नियमों की समान व्यवस्था हो, उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाले प्रचार एवं प्रलोभनों पर प्रभावी नियंत्रण हो तथा पारंपरिक सराफा व्यापारियों और स्वर्ण कारीगरों के हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार आवश्यक कदम उठाए।
ज्ञापन के माध्यम से सराफा कारोबारियों ने सरकार से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए पूरे देश के लिए प्रभावी एवं समान कानूनी व्यवस्था बनाने की मांग की है। ज्ञापन देने । में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष पवन अग्रवाल, रायगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सुंदर गर्ग एवं सचिव राहुल सोनी उपस्थित रहे।

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical