Friday, August 7, 2026
Google search engine
HomeBlogसामान्य मरीजों के लिए भी आईसीयू का पैकेज ब्लॉक, कल्याण हॉस्पिटल का...

सामान्य मरीजों के लिए भी आईसीयू का पैकेज ब्लॉक, कल्याण हॉस्पिटल का लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा

सामान्य मरीजों के लिए भी आईसीयू का पैकेज ब्लॉक, कल्याण हॉस्पिटल का लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा


आयुष्मान कार्ड में गड़बड़ी की शिकायत पर विभाग ने की कार्रवाई
रायगढ़। जनरल वार्ड के सामान्य मरीजों के लिए आईसीयू का पैकेज ब्लॉक करने की शिकायतों के बाद शहर के कल्याण हॉस्पिटल का लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की गई है। शिकायत पर जांच के लिए गई टीम को आयुष्मान कार्ड से उपचार व क्लेम के संबंध में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद विभाग ने आगे की कार्रवाई के लिए संचालनालय स्वास्थ्य विभाग को अनुशंसा कर दी है।
दरअसल, मेडिकल कॉलेज रोड स्थित कल्याण हॉस्पिटल के खिलाफ संचालनालय स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया था कि यहां सामान्य मरीजों को भी आईसीयू में भर्ती दिखाकर आयुष्मान कार्ड में ब्लॉक किए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर जिले में स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और सीएमएचओ ने अपनी ओर से एक टीम बनाकर जांच के लिए कल्याण हॉस्पिटल भेजा।
जांच के दौरान हॉस्पिटल के द्वारा ब्लॉक किए गए कार्ड और मरीजों की स्थिति की पड़ताल की गई। इस दौरान मामले की पोल खुल गई। जांच में यह भी पता चला कि कल्याण हॉस्पिटल द्वारा अनावश्यक रूप से अधिक राशि वाले पैकेज ब्लॉक करने तथा सामान्य मरीजों को अनावश्यक रूप से आईसीयू के पैकेज में ब्लॉक किए जाने की शिकायत सही पाई गई। जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर विभाग को भेज दी है। रिपोर्ट में हॉस्पिटल के संबंध में कई खामियां सामने आने के बाद संचालनालय स्वास्थ्य विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए अनुशंसा की गई है।


सीएमएचओ ने की सबकी बोलती बंद
बीते महीने एचआईवी मरीजों से संबंधित जानकारी व समाचार मीडिया में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में सीएमएचओ ने अपने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को मीडिया को किसी भी तरह की जानकारी नहीं देने की सख्त हिदायत दे रखी है। यही कारण है कि इस कार्रवाई के बारे में कोई मुंह खोलने को तैयार नहीं हुआ।
कर्मचारियों की बोलती बंद कराने के बाद अब अफसर भी मामले में ज्यादा जानकारी देने से बचते रहे, लेकिन जनकर्म के सूत्रों ने शिकायत व कार्रवाई की यह सच्चाई ढूंढ निकाली।


सड़क और स्ट्रीट लाइट नहीं, बिल्डिंग भी निर्माणाधीन
नर्सिंग होम के लिए आंख मूंदकर लाइसेंस देने वाले स्वास्थ्य विभाग ने अब जाकर कल्याण हॉस्पिटल की अव्यवस्था देखी है। जांच के बाद टीम ने आयुष्मान कार्ड ब्लॉकिंग के अलावा कई अन्य खामियां भी बताई हैं।
टीम ने हॉस्पिटल की बिल्डिंग को निर्माणाधीन बताया है। सुनसान जगह में बने हॉस्पिटल तक पहुंचने के लिए न तो ठीक तरह से सड़क है और न ही स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था है। हॉस्पिटल का लोकेशन और वहां तक पहुंचने का रास्ता दोनों अजीबोगरीब है।
बाद में विभाग ने संचालक से इसका जवाब मांगा, लेकिन संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर विभाग ने अपनी ओर से एक रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए संचालनालय स्वास्थ्य विभाग को अनुशंसा कर दी है।


वर्ज़न
कल्याण हॉस्पिटल के संबंध में शिकायत मिलने के बाद जांच के लिए भेजी गई टीम ने रिपोर्ट तैयार की है। हॉस्पिटल द्वारा सामान्य मरीजों के लिए भी आईसीयू का पैकेज ब्लॉक किया जा रहा था। कुछ और खामियां भी मिली हैं। पूरी रिपोर्ट संचालनालय को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई वहीं से होगी।
– डॉ. अनिल जगत, सीएमएचओ, रायगढ़

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical