रायगढ़: कचरा उठाव में लापरवाही से स्वच्छता अभियान पर सवाल,
वार्ड 17 में सड़क किनारे लग रहे कचरे के ढेर

रायगढ़/ नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार स्वच्छता अभियान चलाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आ रही है। निगम के सफाई विभाग की लापरवाही के कारण कई वार्डों में समय पर कचरे का उठाव नहीं हो पा रहा है, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर लगने लगे हैं। ऐसा ही मामला इन दिनों वार्ड क्रमांक 17 में डॉ. रूपेंद्र पटेल हॉस्पिटल के पीछे स्थित मार्ग का सामने आया है, जहां सड़क किनारे फैले कचरे से आसपास के लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब हो कि वार्ड क्रमांक 17 डॉक्टर रूपेंद्र पटेल हॉस्पिटल के पीछे स्थित मार्ग के दोनों ओर प्लास्टिक, घरेलू कचरा और अन्य अपशिष्ट खुले में बिखरे पड़े हैं। लगातार कचरा जमा होने से दुर्गंध फैल रही है, वहीं बरसात के मौसम में संक्रमण और मच्छरों के पनपने का खतरा भी बढ़ गया है। इस मार्ग पर कई कार्यालय, व्यवसायिक प्रतिष्ठान और आवागमन करने वाले लोगों की आवाजाही रहती है, लेकिन इसके बावजूद नियमित सफाई व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है।मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के बयान भी एक-दूसरे से मेल नहीं खाते। वार्ड पार्षद का कहना है कि क्षेत्र में प्रतिदिन कचरे का उठाव कराया जा रहा है, जबकि सफाई दरोगा का कहना है कि हर दूसरे दिन कचरा उठाने की व्यवस्था है। दोनों के अलग-अलग दावों के बीच क्षेत्र की वास्तविक स्थिति साफ दिखाई दे रही है, जहां जगह-जगह कचरे के ढेर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं।सफाई विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि बाजार क्षेत्र के कुछ दुकानदार और प्रतिष्ठान संचालक जागरूकता का परिचय नहीं दे रहे हैं। निगम की कचरा संग्रहण गाड़ी आने के बावजूद वे उसमें कचरा देने के बजाय सड़क किनारे और खाली स्थानों पर ही फेंक देते हैं। इससे नियमित सफाई के बाद भी कुछ ही समय में फिर कचरे का ढेर लग जाता है।
जवाबदेही से झाड़ रहे पल्ला
लोगों को जिम्मेदार ठहराकर निगम अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकता। यदि सार्वजनिक स्थानों पर खुले में कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध समय-समय पर चालानी कार्रवाई और कड़ी निगरानी की जाए तो इस समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। वर्तमान में जागरूकता के अभाव और नियमों के पालन में कड़ाई नहीं होने के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमित कचरा उठाव, पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था और खुले में कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तो क्षेत्र को स्वच्छ रखा जा सकता है।
वर्शन/हर दूसरे दिन वार्ड में कचरे का उठाव किया जाता है।वहां मौजूद दुकानदार देर शाम कचरा मार्ग में फेंककर अव्य स्था फैला रहे है।इन पर कड़ाई की जाएगी।
कविता बेहरा
सफाई दरोगा
वार्ड क्रमांक 17




