अमृत मिशन की टंकी तैयार, पर टेस्टिंग को लेकर निगम को और समय की दरकार, 6 वार्डो में होगी पेयजल आपूर्ति,क्या गर्मी बीतने का है इंतजार
रायगढ़/ शहर में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर करोड़ों की लागत से तैयार की गई पानी टंकी अब तक शुरू नहीं हो सकी है। नगर निगम परिसर में करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित 2 लाख लीटर क्षमता की टंकी का आज तक शुभारंभ नहीं होने से लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
गौरतलब हो कि निगम परिसर में अमृत मिशन के तहत निर्मित टंकी के माध्यम से वार्ड क्रमांक 12, 13, 17, 18, 19 और 20 सहित आधा दर्जन वार्डों में अमृत मिशन की पाइपलाइन के जरिए पेयजल सप्लाई की जानी है। इसके लिए लगभग एक माह पहले गौरी शंकर मंदिर मार्ग और मंदिर चौक क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन अब तक इसकी टेस्टिंग पूरी नहीं हो सकी है।पूर्व में टेस्टिंग के दौरान पाइपलाइन में लीकेज की समस्या सामने आई, जिसके कारण दो दिनों तक जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रही। वर्तमान में भी स्थिति यह है कि करीब 75 प्रतिशत टेस्टिंग ही पूरी हो पाई है, जबकि हाइड्रो टेस्टिंग का कार्य बाकी बताया जा रहा है। पाइपलाइन जोड़ने का काम भी अधूरा है, जिससे नई टंकी से पानी सप्लाई शुरू होने में और देरी की आशंका है।सबसे चिंताजनक बात यह है कि जहां एक ओर भीषण गर्मी में पानी की मांग बढ़ गई है, वहीं अमृत मिशन के तहत जिन क्षेत्रों में सप्लाई हो रही है, वहां भी लोगों को महज आधे घंटे से भी कम समय के लिए पानी मिल पा रहा है। ऐसे में दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है।इसके अलावा शहर के अधिकांश घरों में निजी बोरवेल की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण लोग पूरी तरह निगम की जलापूर्ति पर निर्भर हैं। पानी की कम समय की सप्लाई ने आमजन की परेशानी और बढ़ा दी है।
पेयजल सप्लाई बाधित होने सता रही चिंता
निगम को अमृत मिशन के पाईप टेस्टिंग को लेकर पेयजल आपूर्ति बाधित होने की चिंता सता रही है।पूर्व के जहां गौरी शंकर मंदिर मार्ग में पाईप टेस्टिंग के दौरान हुई लीकेज की समस्या को सुधारने निगम के कारीगरों के पसीने छूट गए थे।दो दिनों तक जलापूर्ति भी कई वार्डो में प्रभावित रही।इस स्थिति से बचने निगम टेस्टिंग को लेकर सावधानी बरतने दावा कर रही है।बहरहाल देखना लाजमी होगा कि क्या क्षेत्रवासियों को लाखों की लागत से निर्मित टंकी का लाभ भीषण गर्मी में जल्द मिल पाएगा।या फिर इंतजार लंबा होगा।
वर्शन/ निगम की टंकी से पानी सप्लाई प्रारंभ नहीं हुआ है।गौरी शंकर मंदिर मार्ग क्षेत्र में पाईप लाइन टेस्टिंग का कार्य अधूरा है।अब तक 75 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है।जिसे पूरा करने दो से तीन दिवस का समय और लग सकता है।
सूरज देवांगन
प्रभारी जल विभाग नगर निगम




