बड़े रामपुर के सरकारी शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का विरोध
हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा आवेदन, दुकान संचालन को बताया नियम विरुद्ध
रायगढ़/ शहर के बड़े रामपुर वार्ड क्रमांक 08 में संचालित शासकीय शराब दुकान को लेकर स्थानीय महिलाओं और रहवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। मोहल्ले की महिलाओं और ग्रामीणों ने शराब दुकान को रिहायशी क्षेत्र से हटाकर अन्य स्थान पर स्थापित करने की मांग करते हुए वार्ड पार्षद के साथ जिला प्रशासन को लिखित आवेदन सौंप मामले में त्वरित कार्यवाही की मांग रखी गई है।
गौरतलब हो कि वर्ष क्रमांक 8 के रहवासियों द्वारा सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम बड़े रामपुर के एक रिहायशी मोहल्ले में नंदलाल नामक व्यक्ति के मकान में वर्तमान में शासकीय शराब दुकान संचालित की जा रही है। दुकान के सामने टीन शेड लगाकर बैठकर शराब पीने की व्यवस्था भी कर दी गई है। इसके कारण क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है और महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।वही शराब दुकान मुख्य सड़क से लगभग 30 मीटर की दूरी पर स्थित है, जहां से मोहल्ले के लोगों और आम नागरिकों का लगातार आना-जाना लगा रहता है। दुकान के सामने शराब पीने वाले लोग नशे की हालत में आए दिन गाली-गलौज, विवाद और हंगामा करते हैं। कई बार राह चलते लोगों और मोहल्ले की महिलाओं से भी अभद्र व्यवहार की शिकायतें सामने आई हैं। इससे पूरे मोहल्ले में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
दुकान संचालन को बताया नियम विरुद्ध
छत्तीसगढ़ शासन के आबकारी विभाग के नियमानुसार शराब दुकानें रिहायशी इलाकों, स्कूलों और धार्मिक स्थलों से निर्धारित दूरी पर स्थापित की जानी चाहिए। लेकिन बड़े रामपुर में संचालित यह दुकान नियमों के विपरीत रिहायशी मोहल्ले के बेहद नजदीक संचालित की जा रही है।मोहल्ले के रहवासियों का कहना है कि दुकान के कारण आसपास के युवाओं और नाबालिग बच्चों पर भी गलत प्रभाव पड़ रहा है। कई परिवारों के लोग यहां शराब पीने की लत में पड़ते जा रहे हैं, जिससे घर-परिवार में विवाद की स्थिति भी बन रही है।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रिहायशी क्षेत्र में संचालित इस शराब दुकान को जल्द से जल्द हटाकर उचित स्थान पर स्थापित किया जाए, ताकि मोहल्ले में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रह सके।




