कोलईबहाल हत्याकांड में ग्रामीणों ने की सी बी आई जांच की मांग
पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, गांव में मादक द्रव्य बंद कराने की अपील
रायगढ़: कोलईबहाल क्षेत्र में हुए सत्यानंद प्रधान हत्याकांड की जांच को लेकर स्थानीय महिला समूह ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर मामले की सीबीआई जांच कराने एवं जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि इस मामले में पुलिस द्वारा कई युवक और महिलाओं से पूछताछ की जा चुकी है तथा जांच अभी भी जारी है। लगातार पूछताछ के कारण क्षेत्र के लोगों को मानसिक तनाव और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव में भी असुरक्षा का माहौल
गौरतलब हो कि ग्राम कोलईबहाल की ग्रामीण महिलाओं द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि 18 फरवरी की रात को कोलईबहाल–बेहरापाली पुल (इंटेकवेल के पास) सत्यनंद प्रधान की हत्या कर दी गई थी। घटना को काफी समय बीत जाने के बाद भी अब तक वास्तविक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे क्षेत्र में भय, असुरक्षा और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
आवेदन में बताया गया है कि इस मामले में पुलिस द्वारा कई युवक और महिलाओं से पूछताछ की जा चुकी है तथा जांच अभी भी जारी है। लगातार पूछताछ के कारण क्षेत्र के लोगों को मानसिक तनाव और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए उन्हें गांव से थाने तो लाया जाता है परन्तु घंटों पूछताछ के बाद उन्हें वैसे ही छोड़ दिया जाता है।अलबत्ता देर शाम और कोई साधन न होने की वजह से ग्रामीण महिलाओं को इसमें खासी परेशानी झेलनी पड़ती है।महिला समूह ने यह भी आरोप लगाया है कि क्षेत्र के कुछ मोहल्लों में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री होने की जानकारी मिल रही है, जिसके कारण बाहरी लोगों का आवागमन बढ़ रहा है और इससे क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था एवं शांति प्रभावित हो रही है।
जल्द खुलासा न होने पर कानून व्यवस्था पर विश्वास कमजोर
आवेदन में बताया गया है कि यदि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा नहीं हुआ तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास कमजोर हो सकता है। इसलिए मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाना आवश्यक है।महिला समूह ने मांग की है कि इस गंभीर हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराई जाए अथवा शीघ्र-अतिशीघ्र वास्तविक आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। साथ ही क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर भी सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल पुनः स्थापित हो सके।महिला समूह ने पुलिस प्रशासन से उनके आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग रखी है।




