नेशनल लैक्रोस फेडरेशन कप 2025 में छत्तीसगढ़ ने बनाया तीसरा स्थान


पुसौर अंचल से मोहलई, कोडपाली देवलसुर्रा दर्रीपाली व तरडा के 7 प्रतिभशाली खिलाडियों ने की सहभागिता
रायगढ़। नेशनल लैक्रोस फेडरेशन कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश, जिले व अंचल का गौरव बढ़ाने वाले 7 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आज महलोई में ग्रामीणों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा मंडल पूर्व उपाध्यक्ष फतेचंद प्रधान ने सभी खिलाड़ियों को उनकी गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दिया। साथ ही खेल प्रतिभाओं के सर्वांगीण विकास हेतु हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने आगे कहा कि खेल न केवल अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा भी प्रदान करते हैं। एनटीपीसी के योगदान एवं कोच के मेहनत की सराहना अंचलवासी कर रहे है।
उल्लेखनीय है कि नेशनल लैक्रोस एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं जम्मू-कश्मीर लैक्रोस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में नेशनल लैक्रोस फेडरेशन कप का आयोजन कटरा (जम्मू-कश्मीर) में 5 से 7 दिसंबर 2025 तक किया गया। प्रतियोगिता में देशभर की 16 क्वालिफाइड टीमों ने सहभागिता की, जिसमें छत्तीसगढ़ की पुरुष एवं महिला टीमों ने भी भाग लिया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ महिला टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
खिलाड़ियों की तैयारी में एनटीपीसी लारा का विशेष योगदान रहा, जिसने खेल किट, पंजीयन शुल्क तथा आर्थिक सहयोग प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। टीम की सफलता में कोच देवअवतार चौधरी, राजनारायण प्रधान एवं कुमारी मेनका यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने किया सम्मान
रायगढ़ जिले के सभी 26 प्रतिभाशाली खिलाडियों का जिला कलेक्ट्रेट में उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए सम्मानित किया गया। साथ ही जिला प्रशासन खिलाडियों को बेहतर संसाान, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह का माहौल्ल
ग्राम महलोई से तीन प्रतिभागी मानसी भूमिया, सोनम बंजारे, शांति प्रधान एवं कोडपाली से शीतल सरल दर्रीपाली से आरती चौहान, तरडा से सत्यवती बंजारे एवं देवलसुर्रा से आंचल चौहान ने नेशनल लैक्रोस फेडरेशन कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर पूरे पुसौर अंचल में खुशी व गर्व माहौल्ल है। अपनी खुशी जाहिर करते हुए ग्रामीणों ने पुष्पमाला पहनाकर कर उनका स्वागत किया। सभी खिलाडियों को बधाई एवं उज्जवल भविष्य की कामना देने लोग उनके घर पहुंच रहे है।




