बिना अनुमति धरना करने पर तीन ग्रामीणों को एस डी एम का नोटिस, मुआवजे को लेकर अडानी के रेल्वे लाईन विस्तार का कर रहे थे विरोध
रायगढ़/ ग्राम गेजामुड़ा में अडानी कंपनी से जुड़े रेलवे परियोजना कार्य के विरोध में मुआवजा बढ़ाने की मांग को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) द्वारा बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में तीन ग्रामीणों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस मिलने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और प्रभावित ग्रामीण प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार संपर्क कर रहे हैं।
बिना अनुमति के प्रदर्शन पड़ा भारी
गौरतलब हो कि, गेजामुड़ा क्षेत्र में अडानी कंपनी के लिए रेलवे लाइन से संबंधित निर्माण कार्य चल रहा है। इस परियोजना के लिए कुछ वर्ष पहले ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को उस समय की दर से मुआवजा दिया जा चुका था। हालांकि, गांव के कुछ प्रभावित परिवार मुआवजे की उस राशि से संतुष्ट नहीं हैं और वर्तमान बाजार दर के आधार पर पुनः मुआवजा तय करने की मांग कर रहे हैं।इसी मांग को लेकर बीते दिनों ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया था। प्रशासन का कहना है कि यह प्रदर्शन बिना पूर्व अनुमति के किया गया, जिसके चलते नियमों के उल्लंघन के आधार पर तीन ग्रामीणों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में उनसे जवाब मांगा गया है कि बिना अनुमति प्रदर्शन क्यों किया गया और उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई क्यों न की जाए।ग्रामीणों का कहना है कि भूमि की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हो चुकी है और पहले मिला मुआवजा वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप नहीं है। इसी कारण वे नए सिरे से मुआवजा तय करने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि उनकी मांगों पर समुचित ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिसके कारण उन्हें धरना देना पड़ा।
नोटिस से मचा हड़कंप
नोटिस जारी होने के बाद प्रभावित ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से मिलने भी पहुंचे थे, ताकि अपनी बात रख सकें और मामले में हस्तक्षेप की मांग कर सकें। हालांकि, उनकी मुलाकात पुलिस अधीक्षक से नहीं हो सकी,।इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में प्रशासन और प्रभावित ग्रामीणों के बीच तनातनी का माहौल देखा जा रहा है। एक ओर प्रशासन नियमों के तहत कार्रवाई की बात कह रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर आगे क्या निर्णय होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई ।
वर्शन/अनाधिकृत रूप से प्रदर्शन करने वाले ग्राम गेजामुड़ा के तीन ग्रामीणों को नोटिस जारी किया गया है।बिना शासकीय अनुमति किसी भी प्रकार से प्रदर्शन नहीं किया जा सकता है।नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।
महेश शर्मा
अनुविभागीय अधिकारी
रायगढ़




