अग्रसेन जयंती दिखा उत्साह, नन्हे बच्चों की गुडलिया रेस ने मोहा मन
श्याम निशान सजाओ में ही धार्मिक छटा, जेसीआई ने पारंपरिक वेशभूषा में की आरती
रायगढ़। महाराजा श्री अग्रसेन जयंती 2026 के अंतर्गत अग्रोहा भवन में विभिन्न रचनात्मक, धार्मिक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न आयोजनों के माध्यम से समाज के लोगों को अपनी कला, ज्ञान और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। वहीं धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से अग्रोहा भवन में उत्सव का माहौल बना हुआ है।
गुडलिया रेस में नन्हे बच्चों ने जीता सबका दिल
जयंती के अंतर्गत आयोजित गुडलिया रेस आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। रेस में भाग लेने वाले छोटे-छोटे मासूम बच्चों की चंचलता, उत्साह और प्यारी अदाओं ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों को पूरे जोश के साथ रेस में भाग लेते देख दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में आरोही अग्रवाल एवं श्याम मित्तल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वमीता कड़िया एवं निमांशी रतेरिया द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं शिवांश अग्रवाल, शिया अग्रवाल एवं शौर्य अग्रवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सिक्का सजाओ प्रतियोगिता में दिखी रचनात्मकता
सिक्का सजाओ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक सोच और सजावट की अनूठी शैली का परिचय दिया। सिक्कों को आकर्षक रूप देने के लिए प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में निकिता अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि खुशबू सुरेखा द्वितीय एवं अंकिता अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहीं।
पार्थिव शिवलिंग प्रतियोगिता में श्रद्धा और कला का संगम
पार्थिव शिवलिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने श्रद्धा, एकाग्रता और कलात्मकता के साथ सहभागिता निभाई। शिवलिंग निर्माण के माध्यम से धार्मिक आस्था एवं भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला। प्रतियोगिता में नीहारिका अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रश्मि बंसल द्वितीय तथा भारती अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहीं।
‘गेस द प्राइड ऑफ इंडिया’ में प्रतिभागियों ने दिखाया ज्ञान
‘गेस द प्राइड ऑफ इंडिया’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की जानकारी, पहचानने की क्षमता और ज्ञान का रोचक अंदाज में परीक्षण किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से देश की गौरवशाली पहचान और महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित किया गया। बालिका वर्ग में कोमल गर्ग ने प्रथम, पायल अग्रवाल ने द्वितीय तथा भूमि अग्रवाल एवं अंशिका अग्रवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में संगीता रतेरिया प्रथम, सोनू अग्रवाल द्वितीय तथा लता बंसल तृतीय स्थान पर रहीं।
जेसीआई ने पारंपरिक वेशभूषा में निकाली शोभायात्रा, की महाराजा अग्रसेन की आरती
शुक्रवार सुबह महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के अंतर्गत अग्रोहा भवन में सुबह की आरती सामाजिक संस्था जेसीआई द्वारा की गई। इस अवसर पर संस्था के सदस्य पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। पुरुष सदस्य कुर्ता-पायजामा पहनकर पहुंचे, वहीं महिला सदस्यों ने भी पारंपरिक परिधान धारण कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। जेसीआई के सदस्यों ने गौरी शंकर मंदिर से शोभायात्रा निकाली और उत्साहपूर्वक अग्रोहा भवन पहुंचे। यहां सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से महाराजा श्री अग्रसेन की आरती की तथा श्रद्धा और उल्लास के साथ जयंती उत्सव मनाया। पारंपरिक वेशभूषा और भक्तिमय वातावरण ने आयोजन को विशेष बना दिया।
इस अवसर पर जेसीआई के अध्यक्ष गुलशन अग्रवाल के साथ सुनील अग्रवाल कोतरलिया, अमन मित्तल, अमन अग्रवाल (RTO), आनंद मोदी, विक्रम अग्रवाल, मानव अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सुमित मित्तल, अनुज बिरमीवाल, सौभाग्य सवाड़िया, नवल अग्रवाल एवं विशाल अग्रवाल उपस्थित थे। महिला सदस्यों में प्रीति अग्रवाल, छाया अग्रवाल, ऋतु अग्रवाल, नैना अग्रवाल, भारती मोदी, चंचल अग्रवाल एवं अनुराधा अग्रवाल ने सहभागिता निभाई।
प्रतियोगिताओं से मिल रहा प्रतिभाओं को मंच
महाराजा श्री अग्रसेन जयंती आयोजन समिति द्वारा अग्रोहा भवन में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के सभी आयु वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चों की मासूमियत, महिलाओं की प्रतिभा और सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से जयंती की रौनक लगातार बढ़ रही है। प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और सहभागिता की सराहना की।
मीडिया प्रभारी प्रकाश निगानिया ने बताया कि महाराजा श्री अग्रसेन जयंती का उद्देश्य समाज में एकता, सहयोग, सांस्कृतिक मूल्यों और आपसी सहभागिता को मजबूत करना है। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है और सभी अग्रबंधुओं में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना हुआ है।
श्याम निशान श्रृंगार प्रतियोगिता में भारती मोदी प्रथम
महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के अंतर्गत संजय कॉम्प्लेक्स स्थित श्याम मंदिर में श्याम निशान श्रृंगार प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें श्याम प्रेमियों ने बाबा श्याम के निशान को आकर्षक ढंग से सजाकर अपनी भक्ति एवं रचनात्मकता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में भारती मोदी ने प्रथम, कशिश अग्रवाल ने द्वितीय तथा वंशिका अग्रवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आयोजन समिति ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करते हैं। प्रतियोगिता में श्याम प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।




