जिला जेल रायगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित
स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से बंदियों को किया जागरूक
रायगढ़। जिला जेल रायगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बंदियों में रचनात्मक प्रतिभा, आध्यात्मिक चेतना, विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य के प्रति सजगता विकसित करने का प्रयास किया गया।
अभियान के तहत 17 सितंबर 2026 को जेल परिसर में बंदियों द्वारा बैरकों की साफ-सफाई एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद 20 सितंबर को स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में 24 सितंबर को बंदियों के लिए कविता पाठ, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बंदियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति, प्रतिभा एवं सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित किया गया। वहीं, 29 सितंबर को सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन कर आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा दिया गया।
बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं विधिक प्रावधानों की जानकारी देने के उद्देश्य से 2 अक्टूबर को विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त 7 अक्टूबर को महिला बंदियों के लिए रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें उन्हें अपनी कला और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
274 बंदियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
सेवा संकल्प अभियान के तहत 9 अक्टूबर 2026 को जिला जेल रायगढ़ में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें जिला चिकित्सालय रायगढ़ के पांच चिकित्सकों की टीम ने 274 बंदियों का उपचार, स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण किया। शिविर का उद्देश्य बंदियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराना था।
जेल प्रशासन के अनुसार, इन कार्यक्रमों के माध्यम से बंदियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रचनात्मक अभिव्यक्ति, आध्यात्मिक चेतना, विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके व्यक्तित्व के सकारात्मक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।




