घरघोड़ा में चोरी का सिलसिला जारी, एक दिन बाद फिर दो दुकानों में बड़ी सेंधमारी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

एक दिन पहले तीन दुकानों में हुई थी चोरी, अब जय स्तंभ क्षेत्र में दो दुकानों को बनाया निशाना, व्यापारियों में बढ़ रहा आक्रोश

घरघोड़ा। घरघोड़ा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक दिन पहले मुख्य मार्ग स्थित तीन दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की वारदात के बाद अब बीती रात नगर के हृदय स्थल जय स्तंभ क्षेत्र में दो दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया है। लगातार दूसरी रात चोरी की घटना सामने आने से पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। वहीं व्यापारियों में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
एक दिन पहले तीन दुकानों में हुई थी चोरी
गौरतलब है कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे अज्ञात चोरों ने रायगढ़-घरघोड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित इंडियन गैस, प्रियदर्शी शॉप और पूजा रेस्टोरेंट के शटर तोड़कर दुकानों में प्रवेश किया था। चोर दुकानों में रखी नगदी लेकर फरार हो गए थे। सुबह घटना का पता चलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही थी।
अब जय स्तंभ क्षेत्र में दो दुकानों को बनाया निशाना
पिछली घटना की जांच चल ही रही थी कि बीती रात घरघोड़ा के जय स्तंभ स्थित संतोष किराना और गोकुल चंद मामराज दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आ गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार चोरों ने दुकानों को निशाना बनाकर नगदी एवं अन्य सामान पर हाथ साफ किया है। चोरी से हुए कुल नुकसान का वास्तविक आंकड़ा दुकान संचालकों द्वारा मिलान किए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
लगातार दूसरी रात चोरी, गश्त पर सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक दिन पहले एक साथ तीन दुकानों में चोरी की घटना सामने आने के बावजूद अगले ही दिन नगर के प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र में दो दुकानों में चोरी कैसे हो गई? लगातार हो रही वारदातों ने रात के समय पुलिस की गश्त व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला दिया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि प्रमुख बाजार और मुख्य मार्ग के आसपास ही सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी नहीं है, तो अन्य इलाकों में स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
व्यापारियों में बढ़ रहा आक्रोश
लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि दुकानें बंद करने के बाद रात में प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। एक के बाद एक हो रही घटनाओं के कारण पुलिस से प्रभावी रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग उठने लगी है। लगातार दो रातों में सामने आई चोरी की घटनाओं ने घरघोड़ा की कानून-व्यवस्था और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इन वारदातों का खुलासा कितनी जल्दी करती है और क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।




