Saturday, August 8, 2026
Google search engine
HomeBlogनिर्माण पूरा, पाइपलाइन भी तैयार,फिर भी शुरू नहीं हो सकी निगम की...

निर्माण पूरा, पाइपलाइन भी तैयार,फिर भी शुरू नहीं हो सकी निगम की टंकी से पानी सप्लाई

निर्माण पूरा, पाइपलाइन भी तैयार,फिर भी शुरू नहीं हो सकी निगम की टंकी से पानी सप्लाई


1.94 करोड़ की लागत से बनी ओवरहेड टंकी महीनों से खड़ी, अमृत मिशन के लाभ से अब भी वंचित हैं कई वार्ड

रायगढ़/ नगर निगम परिसर में अमृत मिशन योजना के तहत लगभग 1 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से निर्मित 20 लाख लीटर क्षमता वाली ओवरहेड पानी टंकी का निर्माण कार्य पूरा हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन आज तक इस टंकी से शहरवासियों को पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना फिलहाल केवल शोपीस बनकर रह गई है, जबकि शहर के अनेक वार्डों के लोग आज भी सीमित समय के लिए होने वाली जलापूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार इस परियोजना के तहत केवल पानी टंकी का निर्माण ही नहीं कराया गया, बल्कि उससे जुड़ी पाइपलाइन का विस्तार भी पूरा किया जा चुका है। इसके बावजूद निगम प्रशासन की ओर से जलापूर्ति शुरू नहीं किए जाने से लोगों में सवाल उठने लगे हैं। शहरवासियों का कहना है कि जब निर्माण कार्य और आवश्यक पाइपलाइन का कार्य पूरा हो चुका है, तब आखिर किस कारण से योजना को शुरू करने में लगातार विलंब किया जा रहा है।वर्तमान में अमृत मिशन योजना के अंतर्गत कई वार्डों में प्रतिदिन केवल कुछ मिनटों के लिए ही पेयजल की आपूर्ति हो रही है। गर्मी और उमस के मौसम में इतनी कम अवधि की जलापूर्ति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। यदि नई ओवरहेड टंकी से जलापूर्ति प्रारंभ कर दी जाए तो न केवल जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी, बल्कि शहर के अनेक क्षेत्रों में पानी के दबाव और वितरण व्यवस्था में भी सुधार आने की उम्मीद है।
इधर, निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या टंकी के शुभारंभ के लिए किसी बड़े जनप्रतिनिधि अथवा मंत्री के आगमन का इंतजार किया जा रहा है, या फिर परियोजना में अब भी कोई तकनीकी बाधा शेष है। हालांकि नगर निगम के संबंधित विभाग के अधिकारियों का दावा है कि टंकी को चालू करने में आने वाली सभी तकनीकी कमियों को दूर कर लिया गया है। इसके तहत पुरानी सीआई (कास्ट आयरन) पाइपलाइन को बदलकर पीआई (नई पाइपलाइन) बिछाने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है, जिससे भविष्य में जलापूर्ति अधिक सुचारु रूप से हो सके।

कब मिलेगा योजना का लाभ

इसके बावजूद यदि तकनीकी खामियां दूर हो चुकी हैं तो फिर जलापूर्ति शुरू होने में हो रही देरी कई सवाल खड़े कर रही है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार परियोजना का लाभ समय पर आम जनता तक नहीं पहुंच पाना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लगा रहा है।

वर्शन/निगम परिसर की टंकी का कार्य पूर्ण हो चुका है।इसमें पुरानी सी आई लाईन हटाकर पी आई लाइन जोड़ा गया है।जल्द ही टंकी से पेयजल सप्लाई शुरू कराई जाएगी।
सूरज देवांगन
सब इंजीनियर
प्रभारी जल विभाग नगर निगम

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical