सीएमओ तिराहा बना हादसों का हॉटस्पॉट, बढ़ा हादसे का खतरा
जानलेवा गड्ढों से रोज गुजर रहे हजारों वाहन,जिम्मेदारों को नहीं ध्यान, जिम्मेदारों को नहीं ध्यान
रायगढ़/ शहर के ढिमरापुर-जिंदल मार्ग स्थित सीएमओ तिराहा इन दिनों बदहाल सड़क और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। तिराहे के बीचों-बीच बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
गौरतलब हो कि लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सी एम ओ तिराहा चौक में सड़क के बीचों-बीच विशाल गड्ढा बन गया है। तिराहा होने के कारण यहां वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है। औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में भारी वाहन, ट्रेलर, बसें और मालवाहक ट्रक गुजरते हैं। भारी वाहनों के लगातार दबाव के चलते सड़क की परत उखड़ चुकी है और गड्ढे दिन-ब-दिन बड़े होते जा रहे हैं।
सबसे अधिक परेशानी दुपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को उठानी पड़ रही है। अचानक सामने आने वाले गड्ढों से बचने के प्रयास में बाइक सवार असंतुलित हो जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं बारिश या गड्ढों में भरे पानी के कारण स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। लोगों कि माने तो इस मार्ग की खराब स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग द्वारा स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद केवल अस्थायी पैचवर्क कर औपचारिकता निभा दी जाती है, जो कुछ ही दिनों में फिर उखड़ जाता है।
जिम्मेदारों को नहीं ध्यान
शहर के व्यस्ततम और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े सीएमओ तिराहा की बदहाल सड़क लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही है। सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। अस्थायी मरम्मत के कारण समस्या बार-बार सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।संभवतः जिसके बाद अपनी चिरनिंद्रा से जाग सके।




