घरघोड़ा में तीन दुकानों के शटर तोड़कर चोरी, नगदी लेकर फरार हुए अज्ञात चोर
मौके पर पुलिस जांच में पहुंची, सीसी टीवी की ले रहे सहायता
रायगढ़/ घरघोड़ा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर अज्ञात चोरों ने मुख्य मार्ग स्थित तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए शटर तोड़कर सेंधमारी की और दुकानों में रखी नगदी रकम लेकर फरार हो गए। चोरी की यह वारदात शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रायगढ़-घरघोड़ा मुख्य मार्ग पर इंडियन गैस, प्रियदर्शी शॉप और पूजा रेस्टोरेंट संचालित हैं। शुक्रवार रात रोजाना की तरह तीनों संस्थानों के संचालक दुकान बंद करने के बाद अपने घर चले गए थे। इसके बाद देर रात करीब 1 बजे अज्ञात चोरों ने दुकानों के शटर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने दुकानों में रखी नगदी रकम पर हाथ साफ किया और मौके से फरार हो गए।शनिवार सुबह जब दुकान संचालक अपने प्रतिष्ठान पहुंचे तो शटर टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर जांच करने पर चोरी की घटना सामने आई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई होंगी, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि चोरी की कुल रकम कितनी है, इसका स्पष्ट आंकड़ा दुकान संचालकों द्वारा सामान और नगदी का मिलान किए जाने के बाद ही सामने आएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बढ़ी चिंता
घरघोड़ा क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने से व्यापारियों और आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। मुख्य मार्ग पर स्थित दुकानों में एक साथ सेंधमारी की घटना ने रात के समय पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की रकम और घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




