लक्ष्य से पीछे मोतियाबिंद ऑपरेशन, स्कूलों में चश्मा वितरण भी अधूरा
9 हजार के लक्ष्य के मुकाबले 7,068 मरीजों का ही हुआ ऑपरेशन, धर्मजयगढ़ और लैलूंगा सबसे पीछे
रायगढ़। जिले में राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मोतियाबिंद मरीजों के लिए निशुल्क ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन जिला स्वास्थ्य विभाग निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करने में पिछड़ता नजर आ रहा है। वर्ष 2025-26 में मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए 9 हजार मरीजों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके मुकाबले केवल 7,068 मरीजों का ही ऑपरेशन हो सका। इस तरह विभाग लक्ष्य से करीब 1,932 मरीज पीछे रह गया।
गौरतलब हो कि स्कूलों में दृष्टिदोष से प्रभावित बच्चों को चश्मा वितरण के मामले में भी विभाग अपेक्षित उपलब्धि हासिल नहीं कर सका। जिले के 647 स्कूलों में 2 हजार बच्चों को चश्मा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन केवल 1,038 बच्चों को ही चश्मा वितरित किया जा सका। विभागीय सूत्रों के अनुसार चश्मा वितरण में फंड की कमी एक प्रमुख वजह रही।विभाग को वर्ष 2026-27 (नवीन सत्र) के लिए 8 हजार मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्य दिया गया है। हालांकि पहले तीन महीनों में अब तक मात्र 436 मरीजों का ही ऑपरेशन हो पाया है। ऐसे में शुरुआती प्रगति को देखते हुए लक्ष्य हासिल करना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण नजर आ रहा है।धर्मजयगढ़ और लैलूंगा की स्थिति सबसे चिंताजनक है।ब्लॉकवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे कमजोर प्रदर्शन धर्मजयगढ़ और लैलूंगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का रहा है।धर्मजयगढ़ को 1,640 ऑपरेशन का लक्ष्य मिला था, लेकिन केवल 371 मरीजों का ही उपचार हो सका।लैलूंगा में 1,035 के लक्ष्य के मुकाबले मात्र 361 मरीजों का ऑपरेशन हुआ।
इन दोनों क्षेत्रों में उपलब्धि 40 प्रतिशत से भी कम रही, जो विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।
लक्ष्य क्यों नहीं हो रहे पूरे?
मोतियाबिंद जैसी बीमारी मुख्य रूप से बुजुर्गों को प्रभावित करती है और समय पर ऑपरेशन नहीं होने से दृष्टि संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में लगातार लक्ष्य से पीछे रहने और कई ब्लॉकों में बेहद कम उपलब्धि सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की मैदानी निगरानी, मरीजों की पहचान और शिविरों के संचालन पर सवाल उठ रहे हैं।अब देखना होगा कि 8 हजार नए ऑपरेशन लक्ष्य के साथ शुरू हुए सत्र में विभाग अपनी कार्ययोजना को गति देकर लक्ष्य हासिल कर पाता है या फिर पिछले वर्षों की तरह आंकड़े फिर अधूरे रह जाते हैं।
ब्लॉकवार स्थिति (वर्ष 2025-26)
स्वास्थ्य केंद्र
लक्ष्य
उपलब्धि
CMC रायगढ़
1065
821
घरघोड़ा
1140
1252
खरसिया
1505
1052
पुसौर
1190
527
तमनार
795
484
धरमजयगढ़
630*
215
लैलूंगा
1035
361
धर्मजयगढ़ CHC
1640
371




