Wednesday, June 24, 2026
Google search engine
HomeBlogस्वीकृति से छत तक का सफर अधूरा

स्वीकृति से छत तक का सफर अधूरा

स्वीकृति से छत तक का सफर अधूरा, रायगढ़ में अटके 15,564 पीएम आवास, स्वीकृत आवासों के निर्माण में देरी से बढ़ी हितग्राहियों की चिंता

रायगढ़/ जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत हजारों गरीब परिवारों को पक्के मकान का सपना दिखाया गया, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि बड़ी संख्या में हितग्राही आज भी अपने घर के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। जिला पंचायत के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024-26 के लिए जिले को 70,359 आवासों का लक्ष्य मिला था, लेकिन अब तक केवल 47,595 आवास ही पूर्ण हो पाए हैं। यानी 15,564 आवास अभी भी अधूरे हैं।

वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले को 60,454 आवासों का लक्ष्य मिला था। इसके मुकाबले 53,480 आवास स्वीकृत हुए और 44,041 आवासों का निर्माण पूरा हो पाया। वहीं 2025-26 में मिले 9,905 आवासों के लक्ष्य में से 9,679 आवास स्वीकृत किए गए, लेकिन अब तक केवल 3,554 आवासों का निर्माण ही पूरा हो सका है।सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि जिन आवासों को स्वीकृति मिल चुकी है, उनमें से हजारों मकान अब भी अधूरे पड़े हैं। पुसौर विकासखंड में सबसे अधिक 4,343 आवास लंबित हैं। इसके बाद रायगढ़ में 3,165, लैलूंगा में 2,617 और धरमजयगढ़ में 2,386 आवास पूरे होने बाकी हैं। सवाल यह उठ रहा है कि स्वीकृति मिलने के बाद भी निर्माण कार्य आखिर इतनी धीमी गति से क्यों चल रहा है?
जानकारों का कहना है कि यदि निर्माण की यही रफ्तार रही तो कई हितग्राहियों को अगले मानसून में भी अधूरे मकानों में रहने को मजबूर होना पड़ सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवार आज भी कच्चे और जर्जर घरों में जीवन गुजार रहे हैं, जबकि योजना का उद्देश्य उन्हें सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है।

सुस्ती या लापरवाही

जिला पंचायत प्रशासन भले ही प्रगति के दावे कर रहा हो, लेकिन 63,159 स्वीकृत आवासों में से 15,564 का अधूरा रह जाना योजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन लंबित आवासों को पूरा कराने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है या फिर हजारों हितग्राहियों का इंतजार और लंबा होता है।

एक नजर में आंकड़े
कुल लक्ष्य : 70,359
कुल स्वीकृत : 63,159
पूर्ण आवास : 47,595
लंबित आवास : 15,564
सबसे अधिक लंबित : पुसौर (4,343)
सबसे अधिक पूर्ण : धरमजयगढ़ (9,899)

वर्सन/प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्य में जिले का 5 वा स्थान है।निर्माण कार्य निरंतर जारी है।

अभिजीत पठारे
सी ई ओ
जिला पंचायत

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical