सत्तीगुड़ी चौक से कोतरा रोड तक बाइकर्स गैंग का आतंक,
तेज रफ्तार से बढ़ रहा हादसों का खतरा, राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा भी खतरे में
रायगढ़/ शहर के सत्ती गुड़ी चौक से कोतरा रोड मार्ग पर इन दिनों तेज रफ्तार बाइकर्स गैंग का आतंक आम लोगों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। सड़क पर बेलगाम गति से बाइक दौड़ाने वाले युवकों के कारण न केवल दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है, बल्कि राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
गौरतलब हो कि इस मार्ग पर पर्याप्त गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) नहीं होने का फायदा उठाकर कुछ युवक अपनी मोटरसाइकिलों को तेज रफ्तार से दौड़ाते हैं। कई बार ये बाइकर्स ओवरटेक, कट मारने और स्टंट जैसी हरकतें भी करते देखे जाते हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने या वाहन नियंत्रित करने में कठिनाई होती है। ऐसी स्थिति किसी भी समय गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।इसके अलावा सत्ती गुड़ी चौक से कोतरा रोड के बीच लगभग आधा दर्जन ट्यूशन एवं कोचिंग संस्थान संचालित हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इस मार्ग से आवागमन करते हैं। आरोप है कि कुछ सड़कछाप मनचले तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए छात्राओं का पीछा करने, बार-बार बाइक घुमाने और अनावश्यक हॉर्न बजाकर उन्हें प्रभावित करने का प्रयास करते हैं। इससे छात्राओं और उनके परिजनों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार तेज रफ्तार बाइकें पैदल चलने वालों और सड़क पार कर रहे लोगों के बेहद करीब से गुजरती हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। यदि समय रहते ऐसे बाइकर्स पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
कार्यवाही की दरकार
हालांकि पुलिस एवं यातायात विभाग शहर बाईपास मार्गो पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन सवारों पर सख्ती तो दिखाती है।परन्तु शहर के भीतर ऐसे गिरोह द्वारा मचाया जा रहा उत्पात के बावजूद भी कार्यवाही से दूर है।इस मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाए जाने के साथ ही तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है। साथ ही कोचिंग संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखकर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन सुरक्षित वातावरण में आवागमन कर सकें।




