Wednesday, May 20, 2026
Google search engine
HomeBlog13 दिन बाद भी नहीं आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट,

13 दिन बाद भी नहीं आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट,

13 दिन बाद भी नहीं आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जिला जेल में बंदी की संदिग्ध मौत पर उठे सवाल, रिपोर्ट में देरी से बढ़ा संदेह

रायगढ़/ जिला जेल में बंदी की संदिग्ध मौत के मामले में घटना के 13 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने में हो रही देरी को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने जहां बंदी के साथ मारपीट और मिलने नहीं देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं जिला चिकित्सालय प्रबंधन बिसरा रिपोर्ट और कुछ आवश्यक हस्ताक्षरों के लंबित होने की बात कह रहा है। अधिकारियों का दावा है कि एक-दो दिनों के भीतर रिपोर्ट संबंधित थाने को सौंप दी जाएगी।

गौरतलब हो कि डोलेसरा कठरापाली निवासी सुरेश रात्रे को 30 अप्रैल को लगभग 10 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल रायगढ़ भेजा गया था। जेल प्रशासन के अनुसार सुरेश शराब का आदी था और उसकी तबीयत खराब होने पर 2 मई से जेल बैरक में ही उसका उपचार किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि 5 मई को अचानक उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे जिला चिकित्सालय रायगढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि बंदी की मौत के बाद से ही मामला विवादों में घिर गया। मृतक के परिजनों ने जेल में मारपीट किए जाने और बंदी से मुलाकात नहीं कराने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी।सूत्रों की मानें तो मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है, जिसकी जांच रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। यही कारण है कि अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार नहीं हो सकी है। वहीं कुछ आवश्यक औपचारिक हस्ताक्षर भी लंबित बताए जा रहे हैं।

रिपोर्ट में देरी से बढ़ा संदेह

घटना को लगभग दो सप्ताह होने जा रहे हैं, लेकिन अब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट संबंधित थाने तक नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर रिपोर्ट आने में इतनी देरी क्यों हो रही है। क्या यह केवल तकनीकी प्रक्रिया का हिस्सा है या फिर मामले की वास्तविक वजह छिपाने की कोशिश की जा रही है।

बिसरा रिपोर्ट का इंतजार

जिला चिकित्सालय प्रबंधन के अनुसार बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद ही पूरी रिपोर्ट संबंधित पुलिस थाने को भेजी जाएगी, ताकि आगे की जांच प्रक्रिया पूरी की जा सके।

वर्शन
“जिला जेल के बंदी की मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तैयार नहीं हो सकी है। बिसरा रिपोर्ट के साथ कुछ महत्वपूर्ण हस्ताक्षर शेष हैं। प्रक्रिया पूरी होते ही रिपोर्ट संबंधित थाने को भेज दी जाएगी।”
दिनेश पटेल
सिविल सर्जन, जिला चिकित्सालय

वर्शन/जिला जेल बंदी की मौत मामले में अब तक पी एम रिपोर्ट उपलब्ध नहीं हो सका है।
अभिनवकांत
जूटमिल थाना प्रभारी

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical