कार्मेल स्कूल की मनमानी पर एन एस यू आई का विरोध बिना कोर्स पूरा किए परीक्षा आयोजन पर जताई आपत्ति
जिला शिक्षाधिकारी के नाम ज्ञापन, परीक्षा करे रद्द नहीं तो करेंगे घेराव
रायगढ़/ जिले के कार्मेल कॉन्वेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल में भीषण गर्मी के बीच बिना पाठ्यक्रम पूर्ण किए फर्स्ट टर्म परीक्षा आयोजित किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर परीक्षा आयोजन को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
गौरतलब हो कि छात्र संगठन द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा छोटे-छोटे बच्चों का पूरा पाठ्यक्रम पूर्ण कराए बिना ही मनमाने ढंग से फर्स्ट टर्म परीक्षा आयोजित की जा रही है। वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बच्चों पर परीक्षा का अतिरिक्त दबाव डालना उनके स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।एनएसयूआई ने अपने आवेदन में कहा है कि इस तरह की परिस्थितियों में परीक्षा आयोजित करना न केवल बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है, बल्कि अभिभावकों के लिए भी चिंता का विषय बन गया है। भीषण गर्मी के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी कठिनाई हो रही है, वहीं अधूरे पाठ्यक्रम के कारण परीक्षा को लेकर छात्रों में मानसिक तनाव और दबाव की स्थिति पैदा हो रही है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय प्रबंधन का यह रवैया छात्रों और अभिभावकों के हितों के खिलाफ है। संगठन ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है, ताकि बच्चों के हितों की रक्षा की जा सके।
परीक्षा रद्द नहीं तो करेंगे घेराव
एनएसयूआई ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि विद्यालय प्रबंधन द्वारा परीक्षा आयोजन को निरस्त नहीं किया गया, तो संगठन द्वारा कार्मेल स्कूल का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की होगी।इस पूरे मामले में अब जिला शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। अभिभावकों और छात्रों को उम्मीद है कि विभाग बच्चों के स्वास्थ्य, पढ़ाई और मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेगा।




