मिनी स्टेडियम के बॉक्स क्रिकेट में आधी लाइटें बंद, खिलाड़ियों को अभ्यास में परेशानी, गर्मी में देर शाम होता है अभ्यास, शिकायत के बाद भी जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान

रायगढ़/ जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय मिनी स्टेडियम में बॉक्स क्रिकेट मैदान का निर्माण तो कराया गया, लेकिन इसके रखरखाव को लेकर जिम्मेदारों की उदासीनता अब खिलाड़ियों पर भारी पड़ने लगी है। बॉक्स क्रिकेट मैदान में एक साइड की लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हुई हैं, जिससे शाम के समय अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार मिनी स्टेडियम स्थित इस बॉक्स क्रिकेट का निर्माण जिला खनिज न्यास मद से लगभग 19 लाख 13 हजार रुपये की लागत से कराया गया था। निर्माण के बाद खिलाड़ियों में इसे लेकर काफी उत्साह भी देखा गया था और यहां नियमित रूप से युवा क्रिकेट प्रेमी अभ्यास के लिए पहुंचने लगे थे।हालांकि समय बीतने के साथ मैदान के रखरखाव को लेकर लापरवाही सामने आने लगी है। वर्तमान में बॉक्स क्रिकेट के एक हिस्से की लाइटें पिछले करीब तीन महीनों से खराब पड़ी हुई हैं। ऐसे में मैदान का केवल आधा हिस्सा ही रोशन हो पाता है, जबकि बाकी हिस्से में अंधेरा बना रहता है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान गेंद देखने में परेशानी होती है।बताया जा रहा है कि मैदान के केयरटेकर द्वारा नगर निगम के कार्यपालन अभियंता को इसकी शिकायत भी की गई थी और लाइटों की मरम्मत कराने का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। खिलाड़ियों का कहना है कि बार-बार सूचना देने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस ओर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है, जिससे उनकी परेशानी लगातार बनी हुई है।
गर्मी में देर शाम होता है अभ्यास
इन दिनों गर्मी बढ़ने के कारण अधिकांश खिलाड़ी देर शाम या रात के समय ही अभ्यास के लिए मैदान पहुंचते हैं। ऐसे में पर्याप्त रोशनी का होना बेहद जरूरी है। लेकिन आधी लाइटें बंद होने के कारण खिलाड़ियों को सीमित रोशनी में ही अभ्यास करना पड़ रहा है, जिससे खेल प्रदर्शन पर भी असर पड़ रहा है।बहरहाल देखना लाजमी होगा कि खिलाड़ियों को अधूरी लाईट की वजह से लंबेवसामी से हो रही समस्या को लेकर निगम की ठोस पहल करता है या फिर निगम की उदासीनता से खिलाड़ियों की समस्या लंबे समय तक बरकरार रहेगी।




