Tuesday, October 14, 2025
Google search engine
HomeBlogडेंगू को लेकर तकरार : शहर सरकार व निगम प्रशासन से खुश...

डेंगू को लेकर तकरार : शहर सरकार व निगम प्रशासन से खुश नहीं भाजपा-कांग्रेस के पार्षद

डेंगू को लेकर तकरार : शहर सरकार व निगम प्रशासन से खुश नहीं भाजपा-कांग्रेस के पार्षद

पूरे प्रदेश में डेंगू के बदनाम हुआ रायगढ़ नगर निगम

*जनकर्म न्यूज*
*रायगढ़।* डेंगू को लेकर नगर निगम में जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तकरार छिड़ गई है। शहर सरकार व निगम प्रशासन की कार्यशैली से भाजपा-कांग्रेस दोनों के ही पार्षद खुश नहीं है। दोनों ही दलों के पार्षदों ने प्रशासन व शहर सरकार के प्रयासों को नाकाफी बताया है। इधर लगातार बढ़ते डेंगू मरीजों की संख्या को देखते हुए पूरा रायगढ़ शहर डेंगू मच्छर के डंक से डरा हुआ है। दरअसल पूरे प्रदेश में रायगढ़ जिला डेंगू को लेकर बदनाम है। हर साल यहां बढ़ती मरीजों की संख्या ने प्रदेश स्तर का ध्यान अपनी ओर खींचा है। शहर सरकार इसका जिम्मेदार निगम प्रशासन को बता कर अपने कर्तव्यों से पल्ला झाड़ लेती है। वहीं निगम प्रशासन द्वारा डेंगू को लेकर युद्ध स्तर पर काम करने का दावा किया जाता है। बावजूद इसके डेंगू के ग्राफ में नियंत्रण न होना समझ से परे है। इसमें कहीं न कहीं शहरवासी भी जिम्मेदार हैं, जोकि जागरूकता के अभाव में डेंगू के मच्छर के शिकार होते हैं। इस संबंध में हमनें शहर के कुछ जनप्रतिनिधियों से बात की तो उन्होंने अपनी प्रतिक्रियाएं दी है और शहर सरकार व निगम प्रशासन पर अपनी भड़ास निकाली है।

*शहर सरकार है ही कहां : आरिफ हुसैन*
वार्ड क्रमांक 7 के कांग्रेस पार्षद आरिफ हुसैन ने कहा कि शहर में सरकार ही कहां है? नगर निगम किसके भरोसे चल रहा है समझ ही नहीं आ रहा है। नगर निगम का बहुत ही गंदा हाल है। अभी हाल ही में अपने वार्ड में एक महिला की डेंगू से मौत हुई है, लेकिन ये लोग मानने को ही तैयार नहीं हैं। महिला की मौत के बाद बार-बार निवेदन करने पर गुरुवार को मेरे वार्ड में फागिंग मशीन चलाया है। शहर को डेंगू मुक्त बनाने की जिम्मेदारी महापौर की भी है, लेकिन निगम कमिश्नर उनके साथ भेदभाव कर रहे हैं। कांग्रेसी पार्षदों व उनके वार्ड के साथ भी भेदभाव किया जा रहा है। जिसका खामियाजा आम जन को भुगतना पड़ रहा है। पहले भी शहर में डेंगू फैला है, उस वक्त महापौर, कमिश्नर व सभी पार्षद मिल कर उससे लड़े हैं, लेकिन अब ऐसा कुछ नहीं रह गया है। वर्तमान में डेंगू से युद्ध स्तर पर लडऩे की जरूरत है, लेकिन निगम प्रशासन हार गई है। निगम में ऐसा कोई जवाबदार ही नहीं तो जवाबदारी से काम कराए। मैं डेंगू के लेकर शहर सरकार व निगम प्रशासन को 10 में से शून्य नंबर दूंगा।

*शहर को कमिश्नर चला रहे, शहर सरकार नहीं! : रत्थु जायसवाल*
इस संबंध में एमआईसी के स्वच्छता प्रभारी रत्थु जायसवाल ने कहा कि शहर को पूरा निगम प्रशासन चला रहा है, इसमें शहर सरकार का कोई रोल नहीं है। डेंगू को लेकर शहर हित में कुछ काम कराने से पहले कमिश्नर से हाथ जोड़ कर निवेदन करते हैं। क्योंकि प्रदेश में जिस पार्टी की सरकार है अधिकारी भी उन्हीं की सुनते हैं। मैं तो नाम का ही स्वच्छता प्रभारी व एमआईसी सदस्य हूं, मेरा कोई रोल नहीं है। क्योंकि मेरा कोई सुनता ही नहीं, मैं एक सामान्य पार्षद हूं। पहले शहर की समस्या को नकदीज से जानने से कमिश्नर, महापौर एक साथ शहर भ्रमण पर निकलते थे, लेकिन अब आयुक्त महापौर को पूछते तक नहीं हैं। ऐसे में शहर में कोई भी काम कैसे पूरा होगा।

*महापौर-कमिश्नर की खींचतान का खामियाजा भुगत रहे लोग : महेश शुक्ला*
इस संबंध में वार्ड क्रमांक 48 के बीजेपी पार्षद के पति (प्रतिनिधि) महेश शुक्ला ने कहा कि जिस वार्ड में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं वहीं दवा का छिडक़ाव किया जा रहा है, ऐसे में बाकी वार्ड कहां जाएंगे। डेंगू को लेकर निगम प्रशासन, शहर सरकार देर से जागी है। अब जब डेंगू पूरे शहर में फैल चुका है तो धुआं कर रहे हैं, दवा छिडक़ रहे हैं। जबकि सुरक्षा और बचाव का काम पहले हो जाना चाहिए था। एक तो शहर सरकार और कमिश्नर के बीच आपसी खींचतान चल रही है। जिसका असर शहर विकास और शहरवासियों के हित के कार्यों में देखने को मिल रहा है। अब कांग्रेसियों को बढिय़ा बहाना मिल गया है कि प्रदेश में हमारी सरकार नहीं है। तो क्या जब कांग्रेस की सरकार थी तब शहर में डेंगू नहीं था, इस तरह शहर सरकार अपनी कमजोरी छिपा रही है। डेंगू के मामले में शहर सरकार पूरी तरह फेल है। अब तक इस गंभीर मुद्दे को लेकर शहर सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। शहर सरकार को उसकी कार्यशैली को लेकर 10 में से शून्य नंबर दूंगा। बात रही कमिश्नर की तो वो ऑफिस में ही बैठ कर काम कर रहे हैं।

*कोई मनमुटाव नहीं, सभी मिल कर कर रहे काम : महापौर*
महापौर जानकी काटजू ने कहा कि मेरा किसी से कोई मनमुटाव नहीं है। सभी आपसी सामंजस्य बना कर काम कर रहे हैं। फागिंग और दवा का छिडक़ाव सभी वार्डों में सभी पार्षदों के मंशानुरूप किया जा रहा है। वहीं लोगों को जागरूक करने जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, रैली निकाली जा रही है। डेंगू को मात देने लगातार मैं, कमिश्नर सर, कलेक्टर सर, सभी जनप्रतिनिधि फिल्ड पर उतर कर काम कर रहे हैं।

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical