ऑनलाइन व्यवस्था के बीच पुराने रिकॉर्ड बने परेशानी की वजह,
रोज आयुक्त तक पहुंच रही शिकायतें, फिर भी नहीं हुआ समाधान, महीने भर से काट रहे निगम के चक्कर
रायगढ़/ जन्म प्रमाण पत्रों की ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद रायगढ़ नगर निगम की जन्म पंजीकरण शाखा में अव्यवस्था की स्थिति सामने आने लगी है। पुराने ऑफलाइन रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने या अधूरे होने के कारण बड़ी संख्या में आवेदकों के आवेदन लंबित हो रहे हैं। इससे परेशान नागरिक प्रतिदिन नगर निगम कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज करा रहे हैं और कई मामलों में सीधे आयुक्त से गुहार लगा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने पुराने ऑफलाइन जन्म पंजीकरण रिकॉर्ड को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जन्म प्रमाण पत्र बनवाने वालों की संख्या लगातार बढ़ी है, लेकिन वर्षों पुराने रजिस्टरों में कई रिकॉर्ड नहीं मिल रहे हैं या उनमें आवश्यक जानकारी अधूरी है। इसका असर यह हो रहा है कि ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही और कई आवेदन निरस्त या लंबित हो रहे हैं।सूत्र बताते हैं कि इस मामले को लेकर नगर निगम आयुक्त लगातार संबंधित शाखा के प्रभारी कर्मचारी से जवाब-तलब कर रहे हैं और कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। लोगों का कहना है कि शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदारी तय नहीं होने से समस्या बनी हुई है।
स्थिति यह है कि रोजाना कई अभिभावक अपने बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र के लिए निगम कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। कई पार्षद भी अपने-अपने वार्ड के नागरिकों की समस्या लेकर आयुक्त से मुलाकात कर चुके हैं। कर्मचारियों की कमी और पुराने दस्तावेजों का व्यवस्थित रखरखाव नहीं होना भी इस समस्या का प्रमुख कारण माना जा रहा है।स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जन्म प्रमाण पत्र स्कूल और कॉलेज में प्रवेश, सरकारी योजनाओं तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए अनिवार्य दस्तावेज है। ऐसे में रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने से आम लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
महीने भर से काट रहे निगम के चक्कर
एक अभिभावक ने बताया कि पिछले एक महीने से वे लगातार निगम के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार यही कहा जाता है कि रिकॉर्ड नहीं मिल रहा है। इससे बच्चे के प्रवेश सहित अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं एक पार्षद ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि प्रतिदिन कई लोग शिकायत लेकर उनके पास पहुंचते हैं। उनका कहना है कि अधिकारी शिकायतें सुन रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।




