Tuesday, June 30, 2026
Google search engine
HomeBlogसुभाष चौक बना अव्यवस्थित पार्किंग का अड्डा

सुभाष चौक बना अव्यवस्थित पार्किंग का अड्डा

सुभाष चौक बना अव्यवस्थित पार्किंग का अड्डा, मुख्य मार्ग पर खड़े वाहनों से यातायात प्रभावित, पार्किंग व्यवस्था सुधारने में निगम नाकाम

रायगढ़/ शहर के हृदय स्थल माने जाने वाले सुभाष चौक क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्राहक अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन सीधे मुख्य सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। इसका खामियाजा आम नागरिकों और वाहन चालकों को रोजाना जाम, धीमी यातायात व्यवस्था और दुर्घटना की आशंका के रूप में भुगतना पड़ रहा है।

गौरतलब हो कि सुभाष चौक शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क के दोनों ओर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे बड़े वाहनों, एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में भी परेशानी होती है। कई बार वाहन चालकों के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित हो जाती है।
नगर निगम द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, लेकिन यह कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित दिखाई देती है। कुछ समय के लिए व्यवस्था सुधरती है, लेकिन स्थायी और प्रभावी कार्रवाई के अभाव में स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। यही कारण है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों में कार्रवाई का कोई विशेष भय नहीं दिखाई देता।
इसी प्रकार की स्थिति शहर के डी-मार्ट परिसर के बाहर भी देखने को मिलती है। यहां खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहन अक्सर मुख्य मार्ग पर खड़े रहते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। व्यस्त समय में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी होने के बावजूद नगर निगम और यातायात पुलिस की ओर से नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

पार्किंग व्यवस्था सुधारने में निगम नाकाम

शहर में बढ़ते वाहनों के अनुपात में पार्किंग की समुचित व्यवस्था विकसित करने में नगर निगम अब तक सफल नहीं हो सका है। व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग स्थल चिन्हित करने और उनका प्रभावी संचालन नहीं होने से लोग मजबूरन मुख्य सड़कों पर वाहन खड़े कर रहे हैं। निगम समय-समय पर कार्रवाई तो करता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल दिखाई नहीं देती। परिणामस्वरूप सुभाष चौक, डी-मार्ट सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में रोजाना यातायात बाधित हो रहा है। नागरिकों का कहना है कि जब तक पार्किंग की समुचित व्यवस्था और नियमों का कड़ाई से पालन नहीं कराया जाएगा, तब तक यह समस्या बनी रहेगी।

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical