जजमानी को लेकर किन्नर मधुबाई और कुंती गुट में विवाद,
दोनों पक्षों ने कोतरा रोड थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई
रायगढ़/ शहर से लगे ग्राम जोरापाली में किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों को कोतरा रोड थाना पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम जोरापाली में एक परिवार में बच्चे के जन्म की सूचना मिलने पर पूर्व महापौर मधुबाई किन्नर तथा कुंतीबाई किन्नर के नेतृत्व वाले अलग-अलग गुट वहां पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि परंपरागत जजमानी अधिकार और नेग-राशि लेने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पूर्व महापौर मधुबाई किन्नर ने आरोप लगाया है कि कुंतीबाई किन्नर के गुट से जुड़े लोगों ने बाहरी व्यक्तियों को बुलाकर उनके साथियों तथा अन्य किन्नरों के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि घटना में उनके गुट के लोगों को चोटें भी आई हैं। वहीं दूसरी ओर कुंतीबाई किन्नर के गुट ने भी मधुबाई पक्ष पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।घटना के बाद दोनों पक्ष कोतरा रोड थाना पहुंचे और अपने-अपने पक्ष में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वर्शन/जोरपाली में एक परिवार में बच्चे के जन्म पर जजमानी को लेकर दोनों गुट में विवाद हुआ है। दोनों ने लिखित आवेदन दिया है।जिसकी जांच की जाएगी।
शील आदित्य सिंह
थाना प्रभारी, कोतरा रोड




