Saturday, March 28, 2026
Google search engine

जय जय श्री राम के नारों से गुंजायमान हुआ समूचा शहर, भक्ति में डूबे शहरवासी

रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, आकर्षक झांकियों और लोकनृत्य ने मोहा मन

हजारों की संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु, पुलिस की रही चाक चौबंध व्यवस्था

रायगढ़/ प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रामजन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा स्थानीय नटवर स्कूल परिसर से पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। जो गांधी प्रतिमा तिराहा, एमजी रोड, रामनिवास टाकिज चौक, सिल्वर पैलेष तिराहा, गौरीशंकर मंदिर, न्यू मार्केट तिराहा, सुभाष चौक, गद्दी चौक, कोष्टापारा तिराहा, चांदनीचौक, गांजा चौक, हटरी चौक, सिटी कोतवाली, हण्डी चौक, घड़ी चौक से रामलीला मैदान पहुंची।जहां इसका समान किया गया।इस अवसर पर स्थानीय रामलीला मैदान में भव्य भंडारे का आयोजन सम्पन्न हुआ।जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

आकर्षक झांकियां और पारंपरिक लोकनृत्य दल ने बिखेरी अनोखी छटा

गौरतलब है कि रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा के आयोजन का यह 13वां वर्ष है। हर वर्ष की तरह इस बार भी विभिन्न समाजों द्वारा तैयार की गई झांकियों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। क्षत्रिय समाज, यादव समाज, देवांगन समाज, कोलता समाज, सोनार समाज सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने भगवान राम और अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता दुर्गा और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही हनुमान, मिकी माउस, भालू, वानर सहित विभिन्न वेशभूषा में सजे कलाकारों ने शोभायात्रा में विशेष आकर्षण पैदा किया। इन कलाकारों को देखने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग खड़े नजर आए। बच्चों और युवाओं में इन झांकियों और कलाकारों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति की झलक भी इस आयोजन में देखने को मिली। पंथी नृत्य, राउत नाचा, कर्मा और सुआ नृत्य दलों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन लोकनृत्यों ने न केवल दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति को भी जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यह शोभायात्रा देर शाम तक जारी रही, जिसमें श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ शामिल होते रहे। पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग भी मुस्तैद नजर आया।

कटप्पा, हनुमान, की वेशभूषा में कलाकारों ने किया मनोरंजन, पंजाब पाइप बैंड और उड़ीसा सिंग बाजा ने बांधा समा

रामनवमी के अवसर पर शहर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा इस वर्ष भी आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में जहां एक ओर भगवान राम, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की आकर्षक झांकियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थीं, वहीं दूसरी ओर विभिन्न वेशभूषाओं में सजे कलाकारों ने पूरे आयोजन में अलग ही रंग भर दिया।
शोभायात्रा में कटप्पा, हनुमान, कार्टून कैरेक्टर और भालू की वेशभूषा में कलाकारों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। इन कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति और अलग-अलग अंदाज में की गई अभिनय शैली को देखने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग खड़े नजर आए। खासकर बच्चों में इन कलाकारों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और कई जगह लोग उनके साथ फोटो खिंचवाते भी नजर आए।इसके अलावा शोभायात्रा में शामिल पंजाब पाइप बैंड पार्टी ने अपने जोशीले और मधुर वादन से माहौल को पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। बैंड की धुनों पर श्रद्धालु झूमते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए। वहीं उड़ीसा से आए सिंग बाजा दल ने भी अपनी पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों से शोभायात्रा में विशेष आकर्षण पैदा किया। उनके वादन और ताल पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए भगवान राम के जयघोष लगाते रहे।पूरे मार्ग में इन कलाकारों और बैंड दलों की प्रस्तुति ने शोभायात्रा में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना दिया। यही कारण रहा कि इस वर्ष की रामनवमी शोभायात्रा में पारंपरिक धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक रंग भी पूरी तरह देखने को मिला, जिसने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

हर समाज वर्ग के लोगों ने किया भव्य स्वागत

रामनवमी की भव्य शोभायात्रा को लेकर शहर में कई दिनों पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा पूरे शहर में विशेष साज-सज्जा की गई थी। इसका नजारा शोभायात्रा के मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख चौक-चौराहों पर स्पष्ट रूप से देखने को मिला, जहां भव्य स्वागत द्वार, रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक सजावट के माध्यम से श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा के दौरान शहर के विभिन्न समाज वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जगह-जगह स्वागत मंच बनाकर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया गया, जिससे पूरे मार्ग में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।इसके साथ ही अलग-अलग समाजों और संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए शीतल पेय, लस्सी, शरबत और ठंडे पानी की विशेष व्यवस्था की गई थी। गर्म मौसम को देखते हुए इन व्यवस्थाओं से शोभायात्रा में शामिल लोगों को काफी राहत मिली।

यातायात व्यवस्था दुरुस्त, पुलिस विभाग रहा मुस्तैद

रामनवमी के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा विशेष प्रबंध किए गए थे। शोभायात्रा के मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस बल पूरे समय मुस्तैद नजर आया। शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर में तीन प्रमुख स्थानों पर पार्किंग प्वाइंट निर्धारित किए गए थे। इनमें पुराना पुलिस लाइन, मिनी माता चौक तथा मरीन ड्राइव पम्प हाउस तक का क्षेत्र शामिल था, जहां चार पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई थी।
यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर डायवर्जन प्वाइंट भी बनाए गए थे। इसके तहत केवड़ाबाड़ी चौक, शहीद चौक, गोगाराईस मिल और सत्तीगुड़ी चौक पर यातायात को दूसरे मार्गों की ओर डायवर्ट किया गया, ताकि शोभायात्रा के मार्ग में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। शोभायात्रा के दौरान शहर के कुछ प्रमुख स्थानों पर चार पहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रखा गया था। इनमें गांधी प्रतिमा चौक, गोगाराईस मिल, हण्डी चौक, सारंगढ़ चौक (अग्रसेन चौक) और झाराशिल्प क्षेत्र शामिल रहे। इन स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी।वहीं चार पहिया और दो पहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए थे। किरोड़ीमल चौक की ओर से आने वाले वाहनों को शोभायात्रा प्रारंभ होने से दो घंटे पूर्व केवड़ाबाड़ी चौक से मधुबनपारा मार्ग होते हुए सर्किट हाउस और मरीन ड्राइव के रास्ते नया शनिमंदिर, डिसेंट टेलर तिराहा से अपने गंतव्य तक जाने की व्यवस्था की गई थी। इसी प्रकार जूटमिल की ओर से आने वाले वाहनों को डिसेंट टेलर तिराहा से नया शनिमंदिर, मरीन ड्राइव, सर्किट हाउस, रामपुर तिराहा, मधुबनपारा होते हुए केवड़ाबाड़ी चौक के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाने के निर्देश दिए गए थे। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस विभाग की टीम लगातार व्यवस्था संभालते हुए नजर आई। विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी।

spot_img
spot_img

JANKARM DAILY EPAPER

Recent Artical