श
हर में लगे डस्टबीन गायब और लोगों पर कचरा फैलाने का आरोप लगा रही शहर सरकारखुद की कमी को छिपाने लोगों को जागरूक नहीं होने का दिया जा रहा हवालारायगढ़। शहर में लगे डस्टबीन अचानक से गायब हो गए हैं। जिससे पूरा शहर कचरामय हो गया है। इधर दोबारा डस्टबीन लगाने या कोई दूसरा विकल्प ढूंढने के बजाय शहर सरकार शहरवासियों पर ही कचरा फैलाने का आरोप लगा रही है। वहीं खुद की कमी को छिपाने के लिए लोगों को ही जागरूक नहीं होने का हवाला दिया जा रहा है। जिससे शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है।दरअसल पिछले साल शहर के चारों दिशाओं में नगर निगम द्वारा हरी, पीली, लाल, नीली रंग के चार-चार डस्टबीन लगाए गए थे। जिसमें बोईरादादर रोड, रामनिवास टाकीज चौक, कोतरारोड, बाघ तालाब रोड, चक्रधर नगर सहित अन्य स्थान शामिल थे, लेकिन वर्तमान में इन स्थानों पर एक भी डस्बीन नजर नहीं आते। ऐसे में मजबूरन शहरवासी घर से, दुकानों से, प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरों को आसपास के इलाकों में फेंक रहे हैं। जिससे पूरा शहर कचरे से पट गया है। मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों व मोहल्लों में पसरी गंदगी से लोगों का गुजरना मुश्किल हो गया है। बजबजाती गंदगी से बीमारियां भी फैल रही हैं। वहीं बारिश में इन कचरों में पानी जाम हो जाने से डेंगू का खतरा भी मंडरा रहा है। इसमें कुछ हद तक लोगों की गलती है, लेकिन इसका पूरा दारोमदार शहर सरकार लोगों पर ही मड़ रही है। अगर निगम प्रशासन द्वारा फिर से डस्टबीन की व्यवस्था कर दी जाए तो शहर में फैलने वाले कचरे एक डिब्बे में ही सिमट कर रह जाएंगे। जिसे उठाने और डंपिंग यार्ड तक ले जाने में भी निगम को आसानी होगी, लेकिन शहर सरकार अपनी कमी को छिपाने के लिए लोगों को ही जागरूक नहीं होने की बात कह रही है।इन स्थानों पर बनाया कचरा डंपिंग यार्ड
वर्तमान में शहर के बोईरादादर चौक, दुर्गा मंदिर सेठी नगर, बेलादुला खर्राघाट, मालधक्का स्टेशन रोड, उपभोक्ता फोरम के सामने, केवड़ाबाड़ी चौक, अशर्फी देवी नेत्र चिकित्सालय के सामने, पुरानी हटरी अंदर, चांदनी चौक, एसपी ऑफिस के बगल में स्थित नगर निगम के न्यू कॉम्प्लेक्स सहित अन्य स्थानों को कचरा डंपिंग यार्ड बना दिया गया है। कई-कई दिन तक नगर निगम द्वारा यहां से कचरे का उठाव नहीं किया जाता, जिससे आमजन को काफी परेशानी होती है।कचरे से नालियां भी हो रही जाम
शहर के सभी प्रमुख मार्गों में दुकानों के सामने की नालियों में दुकानदारों ने स्लैब ढाल दिया है। जिससे इसकी समुचित रूप से सफाई नहीं हो पाती। दुकान के बाहर फेंका गया कचरा भी इसी नालियों में चला जाता है। जिससे नालियां जाम होने के कारण बदबू व थोड़ी सी बारिश में ओवरफ्लो होने लगती है। जिससे सडक़ पर नाले की गंदगी भी पानी के साथ आ जाती है।स्वच्छता प्रभारी कह रहे लोग जागरूक नहीं
इस संबंध में एमआईसी के स्वच्छता प्रभारी रत्थु जायसवाल से बात की गई तो उनका कहना था कि शहर में लगे डस्टबीन को चोरों ने पार कर दिया। क्योंकि उक्त डस्बीन में लोहे का ऐंगल लगा था। वहीं बात रही वार्डों में गंदगी फैलाने की तो यह सब लोग ही तो कर रहे हैं। सभी जगह निगम की कचरा गाड़ी जा रही है, स्वच्छता दीदीयां पहुंच रही हैं, इसके बाद भी शहर में गंदगी आखिर कौन फैला रहा है? इस ओर जब तक लोग खुद जागरूक नहीं होंगे तब तक अपना शहर कचरा मुक्त शहर नहीं बन पाएगा।