कारगिल चौक पर दोहरी समस्या: अव्यवस्थित पार्किंग से जाम,
शहीद स्मारक की टेढ़ी बंदूक से घट रही गरिमा
रायगढ़ शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल कारगिल चौक इन दिनों दोहरी समस्या से जूझ रहा है। एक ओर चौक के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग के कारण दिनभर यातायात प्रभावित होता है, वहीं दूसरी ओर शहीद स्मारक की देखरेख में लापरवाही भी साफ नजर आ रही है।
गौरतलब हो कि कारगिल चौक पर बने शहीद स्मारक में सैनिक की प्रतिमा के साथ लगी बंदूक टेढ़ी हो चुकी है। यह स्मारक देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से बनाया गया है, लेकिन बंदूक की यह स्थिति स्मारक के रखरखाव पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्मारक की समय-समय पर मरम्मत और सफाई नहीं होने से इसकी गरिमा प्रभावित हो रही है।इधर चौक के चारों ओर सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े किए जाने से हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। व्यस्त समय में लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
शहरवासियों का कहना है कि नगर निगम और संबंधित विभाग को शहीद स्मारक की मरम्मत कर टेढ़ी हो चुकी बंदूक को तत्काल ठीक कराना चाहिए। यदि बंदूक क्षतिग्रस्त हो गई है और मरम्मत संभव नहीं है, तो उसे बदलकर नई बंदूक लगाई जानी चाहिए, ताकि शहीदों की स्मृति से जुड़े इस स्थल की गरिमा बनी रहे। साथ ही कारगिल चौक पर पार्किंग व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने की आवश्यकता है, जिससे यातायात सुचारु हो सके और लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिले।




