बढ़ती गर्मी के साथ बिजली व्यवस्था लड़खड़ाई, शिकायतों का आंकड़ा रोजाना 100 तक पहुंचा
एसी-कूलर के बढ़ते उपयोग से ट्रांसफार्मरों पर बढ़ा लोड, अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान, ब्लैकआउट से हड़कंप
रायगढ़/ बढ़ती गर्मी के साथ विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था भी प्रभावित होने लगी है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने के कारण बिजली की खपत तेजी से बढ़ गई है, जिससे ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है। इसके चलते शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली गुल होने की समस्या के साथ ही अघोषित बिजली कटौती से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब हो कि विद्युत विभाग की शिकायत शाखा के आंकड़ों पर नजर डालें तो गर्मी के पहले की तुलना में अब शिकायतों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। विभागीय जानकारी के अनुसार जनवरी और फरवरी महीने में औसतन रोजाना करीब 20 शिकायतें दर्ज होती थीं, जबकि अब तापमान बढ़ने के साथ यह संख्या बढ़कर प्रतिदिन करीब 100 तक पहुंच गई है।बताया जा रहा है कि जनवरी और फरवरी माह में उपभोक्ताओं द्वारा लगभग 400 शिकायतें ऑफ लाइन माध्यम से विभाग के कार्यालय में दर्ज कराई गई थीं। वहीं अप्रैल माह की शुरुआत के साथ ही शिकायतों का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है और अब तक करीब 800 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। इससे स्पष्ट है कि गर्मी बढ़ते ही बिजली व्यवस्था पर दबाव भी बढ़ गया है। गर्मी के दिनों में एसी, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग बढ़ने के कारण कई क्षेत्रों में स्थापित ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त लोड पड़ता है, जिससे ट्रांसफार्मर खराब होने या बार-बार ट्रिपिंग की समस्या सामने आती है। यही कारण है कि इन दिनों शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली बाधित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।हालांकि की विभाग समय समय पर विद्युत मेंटेनेंस के नाम पर विद्युत कटौती तो करता है।बावजूद इसके आज पर्यंत इसका कोई सकारात्मक परिणाम देखनेबको नहीं मिल सका है।
ब्लेक आउट से हड़कंप
एक और जहां उपभोक्ताओं को गर्मी में अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। वही शहर में रविवार को अघोषित ब्लैक आउट से भी अफरा तफरी मच गई। उपभोक्ता लगातार विद्युत विभाग के शिकायती शाखा में कंप्लेन लेकर पहुंचते नजर आए।परन्तु उपभोक्ता भी क्या करे जब विभाग द्वारा शहर में होने वाले ब्लेक आउट की जानकारी ही साझा न किया जाए।




