रायगढ़: चलते ट्रैक्टर में कचरे में लगी आग, पुलिसकर्मी की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
रायगढ़/ शहर के व्यस्त केलो ब्रिज कलेक्ट्रेट मार्ग पर दोपहर लगभग साढ़े 11 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम का एक ट्रैक्टर खुले में कचरा परिवहन करते हुए अचानक आग की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर में भरे कचरे से धुआं उठता देख राहगीरों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर में भरा कचरा अचानक सुलगने लगा और देखते ही देखते उसमें आग भड़क उठी। इसी दौरान मौके से गुजर रहे एक पुलिसकर्मी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल पानी की व्यवस्था करवाई और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिसकर्मी की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा आग फैलकर आसपास के वाहनों और राहगीरों के लिए खतरा बन सकती थी।
खुले में कचरा परिवहन बना खतरा
गौरतलब हो कि कचरा परिवहन कर रहे वाहन में आग लगने की घटना में प्रारंभिक अंदेशा जताया जा रहा है कि कचरा उठाव के दौरान किसी स्थान से जलते या सुलगते अंगार वाले कचरे को भी ट्रैक्टर में डाल लिया गया होगा। चलते वाहन में हवा लगने के कारण आग ने तेजी से रूप ले लिया।जिसे मौके पर मार्ग से गुजरने वाले पुलिसकर्मी ने मौके की नजाकत को भांपते हुए पानी की व्यवस्था के आग पर काबू पाने सराहनीय पहल की गई।यह घटना एक बार फिर नगर निगम की कचरा परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। नियमों के अनुसार कचरे का परिवहन ढके हुए वाहनों में किया जाना चाहिए, लेकिन इसके बावजूद शहर में आज भी खुले ट्रैक्टरों के माध्यम से कचरा ढोया जा रहा है।खुले में कचरा परिवहन न केवल प्रदूषण बढ़ाता है, बल्कि इस तरह की आगजनी जैसी घटनाओं को भी जन्म देता है। निगम प्रशासन द्वारा इस पर प्रतिबंध के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में सुधार नहीं दिख रहा है।




