सुभाष चौक में हुई दही-हांडी फोड़ की परंपरा, अब बनी रायगढ़ की आकर्षक पहचान
रायगढ़। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़ी दही-हांडी की परंपरा अब रायगढ़ शहर के सुभाष चौक में भी खास आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। सुभाष चौक व्यापारिक संघ द्वारा दही-हांडी एवं भंडारा आयोजन की शुरुआत वर्ष 2018 में की गई थी। वर्ष 2026 में यहां लगातार 9वॉ वर्ष दही-हांडी कार्यक्रम आयोजित किया गया l श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गोविंदा टोलियां हिस्सा लेती हैं। सुभाष चौक में दही-हांडी के साथ श्रद्धालुओं के लिए भंडारा-प्रसाद तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचते हैं, जिससे सुभाष चौक जन्माष्टमी के दौरान विशेष उत्सवी रंग में नजर आता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष के आयोजन में कोतरा रोड की करन एंड बादल टीम ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की थी। इस टीम ने पिछले वर्ष पहली कोशिश में ही तीनों मटकियां फोड़कर शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन में शहर की विभिन्न गोविंदा टोलियों ने भाग लिया था।
*गूंजी धुमाल पार्टी की धूम*
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रायगढ़ के सुभाष चौक में आयोजित दही हांडी उत्सव में भक्तिभाव के साथ उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला l कार्यक्रम के दौरान धुमाल पार्टी की शानदार प्रस्तुति ने पूरे चौक को उत्सव के रंग में रंग दिया। धुमाल की गूंज और ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवाओं सहित श्रद्धालु झूमते नजर आए। चारों ओर “जय श्रीकृष्ण”, “गोविंदा आला रे” के जयघोष से वातावरण कृष्णमय हो गया। दही हांडी फोड़ने पहुंची गोविंदा टोलियों के उत्साह ने कार्यक्रम में और रंग भर दिया। सुभाष चौक में दही हांडी पर्व को लेकर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। प्रशासन-पुलिस की ओर से भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां की गई थीं।
*बंपर इनामों ने बढ़ाया रोमांच, गणमान्यों ने लगाई बोली*
सुभाष चौक में आयोजित दही हांडी उत्सव में गोविंदा टोलियों के उत्साह के साथ इनामों की आकर्षक व्यवस्था भी लोगों के बीच चर्चा और आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन में दही हांडी फोड़ने वाली टीमों के लिए प्रथम पुरस्कार 5,100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3,100 रुपये और तृतीय पुरस्कार 2,100 रुपये निर्धारित किए गए हैं। उत्सव के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा भी उत्साहवर्धन के लिए बोलियां लगाई जाती हैं। इन बोलियों के माध्यम से पुरस्कार राशि बढ़ते-बढ़ते 50 हजार रुपये से अधिक तक पहुंच जाती है। बड़ी पुरस्कार राशि की घोषणा होते ही गोविंदा टोलियों में जोश और उत्साह और बढ़ जाता है। सुभाष चौक का दही हांडी उत्सव अपनी इसी परंपरा, भव्य आयोजन और गणमान्यों द्वारा बढ़-चढ़कर दिए जाने वाले पुरस्कारों के कारण शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ढोल-नगाड़ों और धुमाल की गूंज के बीच दही हांडी फोड़ने का रोमांच पूरे माहौल को और भी उत्सवमय बना देता है।
*इन जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी से उत्सव हुआ भव्य*
सुभाष चौक में आयोजित भव्य दही हांडी उत्सव में शहर के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उत्सव में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी जी, नगर निगम रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, पार्षद सुरेश गोयल सहित नगर के अनेक वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेl जनप्रतिनिधियों ने भगवान श्रीकृष्ण के पूजन-अर्चन के साथ दही हांडी उत्सव में सहभागिता की और आयोजन समिति एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सुभाष चौक में बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहेl ढोल-नगाड़ों और धुमाल की गूंज के बीच गोविंदा टोलियों का उत्साह देखते ही बना। दही हांडी फोड़ने को लेकर युवाओं में खासा जोश नजर आया। जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया।
सुभाष चौक व्यापारिक संघ के सक्रिय सदस्य ऐश अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन की तैयारियों में स्थानीय युवाओं और व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। कार्यक्रम की तैयारी करीब 15 दिन पहले से शुरू कर दी जाती है। पुलिस, नगर निगम और यातायात विभाग के सहयोग से आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाता है l




