4 महीने से वृद्धजनों का पेंशन भुगतान लंबित,खेल रहे आर्थिक परेशानी, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन,भुगतान की रखी मांग
रायगढ़/ जिले में बीते चार महीनों से वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन की राशि हितग्राहियों के खातों में जमा नहीं होने से हजारों जरूरतमंदों को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पेंशन से वंचित हितग्राही मौजूद रहे।
7848 हितग्राही प्रभावित, आजीविका पर संकट
गौरतलब हो कि नगर निगम क्षेत्र में कुल 7848 हितग्राही ऐसे हैं, जिन्हें विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए, लेकिन पिछले चार महीनों से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन हितग्राहियों में वृद्धजन, विधवा महिलाएं, दिव्यांगजन और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाले शामिल हैं।सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने बताया कि इन वृद्धजनों और जरूरतमंदों की आजीविका का प्रमुख साधन यही पेंशन राशि है, जिससे वे दवाइयां, राशन और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं। पेंशन बंद होने से कई हितग्राही आर्थिक संकट में आ गए हैं और उन्हें बार-बार बैंक तथा संबंधित विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।
जल्द भुगतान की अपील
आंकड़ों के अनुसार नगर निगम क्षेत्र में पेंशन योजनाओं के अंतर्गत शामिल हितग्राहियों में वृद्धा पेंशन हितग्राही 742, अधिक आयु वर्ग के वृद्धजन 1465,दिव्यांग,पेंशन हितग्राही 61,सामाजिक सुरक्षा के 1565 हितग्राही
इस सूची में शामिल है। कुल 7848 हितग्राही पेंशन पर निर्भर हैं, जिनके लिए यह राशि जीवनयापन का बड़ा सहारा है।जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से लंबित पेंशन राशि का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने और भविष्य में समय पर वितरण की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि वृद्धजनों और जरूरतमंदों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कितनी तत्परता दिखाता है और प्रभावित हितग्राहियों को राहत कब तक मिल पाती है।




