शिक्षक दिवस पर सेंट्रलाइट क्लब ने शिक्षिकाओं का किया सम्मान

तपस्विनी विद्या मंदिर पहुंचकर शिक्षा दान में जुटी शिक्षिकाओं को शाल, श्रीफल एवं उपहार भेंट कर किया अभिनंदन
रायगढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, रायगढ़ के सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा गठित सेंट्रलाइट क्लब के सदस्यों ने स्थानीय चांदमारी स्थित तपस्विनी विद्या मंदिर पहुंचकर शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं दे रही शिक्षिकाओं का सम्मान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात विद्या मंदिर की छात्राओं ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन एवं उनके शिक्षा के प्रति योगदान पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।
शिक्षिकाओं का किया सम्मान
सेंट्रलाइट क्लब के सदस्यों ने विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं को शाल, श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित बालक-बालिकाओं के बीच चॉकलेट का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शैलेश गुरु, कमलेश सिन्हा, समर चक्रवर्ती, कमलेश जैन, शंकर बोहीदार, गणेश तिवारी एवं तरुण घोष की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के माध्यम से सेंट्रलाइट क्लब ने शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षक दिवस की सार्थकता को रेखांकित किया।




